Noida: आबादी के भूखंड से वंचित किसानों ने की आवाज बुलंद, 20 जुलाई को प्राधिकरण पर करेंगे अनशन
किसानों ने रायपुर गांव के सभी ग्रामीणों का बैठक को सफल बनाने और आंदोलन के प्रति अपना समर्थन देने के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया।

चार प्रतिशत भूखंड से वंचित किसानों ने गुरुवार को रायपुर बांगर गांव में बैठक की। बैठक में 20 जुलाई को होने वाले अनशन को सफल बनाने का संकल्प लिया गया। रायपुर बंगर में शेष चार प्रतिशत प्लॉट से वंचित किसानों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में बड़ी संख्या में किसानों, बुजुर्गों, युवाओं एवं महिलाओं ने हिस्सा लिया। साथ ही अपने अधिकारों की लड़ाई को मजबूती से आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
बैठक में उपस्थित ग्रामीणों ने एकमत होकर निर्णय लिया कि गांव के सभी पीड़ित किसान आगामी 20 जुलाई को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण पर आयोजित अनशन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेंगे। साथ ही आंदोलन को सफल बनाने के लिए पूरा सहयोग देंगे। बैठक में किसानों ने कहा कि चार प्रतिशत प्लॉट से वंचित किसानों को उनका वैधानिक अधिकार दिलाने के लिए संघर्ष लगातार जारी रहेगा। इसके लिए सभी 44 गांवों में जनसंपर्क अभियान चलाकर अधिक से अधिक किसानों को आंदोलन से जोड़ा जाएगा।
किसानों ने रायपुर गांव के सभी ग्रामीणों का बैठक को सफल बनाने और आंदोलन के प्रति अपना समर्थन देने के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने सभी प्रभावित किसानों से अपील की कि वे एकजुट होकर 20 जुलाई के अनशन में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचें और अपने अधिकारों की इस लड़ाई को मजबूत बनाएं।


