Noida: कारोबारियों और उद्यमियों को ठगने के लिए चल रहा था फर्जी कॉल सेंटर, पति—पत्नी समेत 3 गिरफ्तार, 44 को दिया नोटिस
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान गिरोह के मास्टरमाइंड और कंपनी संचालक रणबीर सिंह, उसकी पत्नी ज्योति और उनके साथी ललित कुमार के रूप में हुई है।

साइबर अपराधियों और जालसाजों के खिलाफ सेक्टर-63 कोतवाली पुलिस ने देश के अलग-अलग राज्यों के व्यापारियों और उद्यमियों के साथ ठगी करने वाले गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने पति—पत्नी समेत तीन गिरफ्तार किए है। यह गिरोह ऑनलाइन मार्केटिंग और खरीदार उपलब्ध कराने के नाम ठगी करते थे।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान गिरोह के मास्टरमाइंड और कंपनी संचालक रणबीर सिंह, उसकी पत्नी ज्योति और उनके साथी ललित कुमार के रूप में हुई है। एडीसीपी सेन्ट्रल नोएडा ने बताया कि, एक पीड़िता द्वारा दी गई शिकायत की जांच के दौरान इस संगठित साइबर ठगी गिरोह का खुलासा हुआ। पुलिस टीम ने सेक्टर-63 के ए-135 स्थित ठिकाने पर छापेमारी कर इस कॉल सेंटर को पकड़ा, जहां से धोखाधड़ी का पूरा खेल संचालित हो रहा था। यह गिरोह व्यापारियों को भरोसे में लेने के लिए बकायदा फर्जी सर्टिफिकेट और फर्जी टैक्स इनवॉइस तक थमा देता था।
फर्जीकॉल सेंटर से पुलिस ने 39 स्मार्ट मोबाइल फोन और 9 कीपैड मोबाइल फोन, 10 अत्याधुनिक लैपटॉप, 36 सीपीयू, 32 एक्टिवेटेड सिम कार्ड बरामद किए हैं, जिनका इस्तेमाल कॉल करने के लिए होता था। इसके अलावा पुलिस को भारी मात्रा में फर्जी टैक्स इनवॉइस और ठगी से जुड़े अन्य अहम दस्तावेज भी मिले हैं। पुलिस अब इस बात की तफ्तीश कर रही है कि इस गिरोह ने अब तक देश भर के कितने व्यापारियों को अपना शिकार बनाया है और ठगी गई रकम को किन बैंक खातों में ट्रांसफर किया गया था।




