Noida: अलीगढ़ के कारोबारी का 12 साल पुराना तोड़ा विश्वास, 9 लाख लेकर फरार हुआ ड्राइवर गिरफ्तार, कर्ज और दुकान चलाने के लिए की वारदात
अलीगढ़ के कारोबारी सुधीर बंसल की कार से सेक्टर-20 कोतवाली क्षेत्र में स्थित मॉल के बाहर 9 लाख रुपये चोरी कर लिए गए थे।

नोएडा में मॉल के बाहर खड़ी कार से हुए नौ लाख रुपये चोरी के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार करते हुए उसके पास से एक चाकू और चोरी किए गए 9 लाख रुपये बरामद कर लिए है। हार्डवेयर कारोबारी के चालक ने ही चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। लालच में आकर चालक की पैसे लेकर फरार हो गया था। कारोबारी का कहना है कि चालक उनके परिवार का हिस्सा था। उसने विश्वासघात किया है।
बता दें कि, अलीगढ़ के कारोबारी सुधीर बंसल की कार से सेक्टर-20 कोतवाली क्षेत्र में स्थित मॉल के बाहर 9 लाख रुपये चोरी कर लिए गए थे। यह घटना 18 जुलाई की है। पैसे गायब होने के बाद चालक कपिल भी फरार हो गया। इस मामले में कारोबारी ने मुकदमा दर्ज कराया था। उधर पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपी को सोमवार को लाल पैथ लैब के सामने स्थित पार्क से गिरफ्तार कर लिया है। जिसकी पहचान पुलिस ने अलीगढ़ केे नादा वाजिदपुर गांव निवासी 34 वर्षीय कपिल पुत्र सत्यभान के रुप में की है। पुलिस ने चोरी की गई रकम भी बरामद कर ली है।
एडिशनल डीसीपी मनीषा सिंह ने बताया कि कारोबारी की कार से 18 जुलाई को हुए पैसे चोरी की घटना का महज 48 घंटे में खुलासा किया गया है। चालक कपिल ही पैसे लेकर फरार हुआ था। चालक कपिल पिछले 12 साल से उनके यहां कार पर ड्राइविंग की नौकरी कर रहा था। आरोपी ने कबूल किया है कि उसे अधिक पैसा देखकर मन में लालच आ गया। वह पैसों से भरा बैग लेकर फरार हो गया। वह इन पैसों से कुछ कर्जा चुकाना चहाता था और गांव में ही दुकान खोलना चाहता था।



