Noida: आरक्षण के विरोध में सवर्ण समाज के अधिवक्ताओं ने DM ऑफिस पर किया प्रदर्शन, गूंजे UGC रोल बैक के नारे
अधिवक्ता कपिल शर्मा ने बताया कि 16 सितम्बर को दादरी से हजारों सवर्ण समाज के लोग सूरजपुर तक पदयात्रा करेंगे। साथ ही राष्ट्रपति के नाम जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा जाएगा।

आरक्षण में सुधार और UGC से जुड़े प्रावधानों के विरोध में शुक्रवार को सवर्ण समाज के सैकड़ों अधिवक्ता सूरजपुर स्थित जिला मुख्यालय पहुंचे। बड़ी संख्या में शामिल अधिवक्ताओं ने जिला कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। अधिवक्ताओं ने UGC रोल बैक के नारे लगाते हुए जिलाधिकारी के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन को आगामी 16 सितम्बर को दादरी से सूरजपुर जिला मुख्यालय तक प्रस्तावित पदयात्रा की जानकारी भी दी गई।
अधिवक्ता कपिल शर्मा ने बताया कि 16 सितम्बर को दादरी से हजारों सवर्ण समाज के लोग सूरजपुर तक पदयात्रा करेंगे। साथ ही राष्ट्रपति के नाम जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा जाएगा। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे वरिष्ठ अधिवक्ता एवं पूर्व डीजीसी सिविल देवीशरण शर्मा ने कहा कि UGC और आरक्षण समाज के लिए नासूर बन गए हैं। UGC सवर्ण समाज के युवाओं के लिए गले का फंदा बन गया है, जबकि आरक्षण के कारण प्रतिभाओं को समान अवसर नहीं मिल पा रहे हैं। इसे लेकर समाज में लगातार आक्रोश बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि 16 सितम्बर की पदयात्रा के माध्यम से समाज अपनी मांगों को मजबूती से उठाएगा।
कपिल शर्मा ने बताया कि हम किसी जाति या फिर धर्म के विरोधी नहीं हैं। हमारी मांग है कि पीड़ित, शोषित और वास्तविक जरूरतमंदों को आरक्षण का लाभ मिले, लेकिन उसका आधार आर्थिक होना चाहिए। प्रदर्शन के दौरान अधिवक्ताओं ने जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर जमकर यूजीसी रोल बैक के नारे लगाए और संबंधित प्रावधानों को वापस लेने की मांग की। इस मौके पर अधिवक्ता प्रमोद शर्मा, हेमंत राघव, परमानंद कौशिक, विवेक रावल, अरुण रावल, संजय शर्मा, विवेक गुप्ता, मनोज गोयल आदि मौजूद रहे।




