Noida: दादा क्षेत्र में थे पहले अधिवक्ता…पोता बना भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट, सीडीएस परीक्षा में ऐसे पाई सफलता
सानिध्य ने वर्ष 2024 में सिविल इंजीनियरिंग से बीटेक की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद उन्होंने करीब एक वर्ष तक सीडीएस परीक्षा की तैयारी की।

चिटेहरा गांव निवासी युवा सानिध्य सिंह ने संयुक्त रक्षा सेवा (सीडीएस) परीक्षा में सफलता हासिल कर भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट पद पर चयनित होकर परिवार और गांव का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से परिजनों, रिश्तेदारों और ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। बधाई देने वालों का उनके घर पहुंचने का सिलसिला जारी है।
सानिध्य ने वर्ष 2024 में सिविल इंजीनियरिंग से बीटेक की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद उन्होंने करीब एक वर्ष तक सीडीएस परीक्षा की तैयारी की। कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के दम पर उन्होंने लिखित परीक्षा में सफलता हासिल की। इसके बाद सेवा चयन बोर्ड (एसएसबी) की पांच दिवसीय चयन प्रक्रिया में भी सफलता प्राप्त की। इसके आधार पर उनका भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट पद के लिए चयन हुआ।
सानिध्य के पिता अरविंद भाटी ने बताया कि बेटे ने लक्ष्य हासिल करने के लिए पूरी लगन से मेहनत की। सानिध्य ने अपनी सफलता का श्रेय परिवार के सहयोग, मार्गदर्शन, अनुशासन और निरंतर परिश्रम को दिया। उनके दिवंगत दादा हरद्वारी सिंह वर्ष 1952 में चिटेहरा और आसपास के गांवों के पहले अधिवक्ता रहे थे। अब सानिध्य ने सेना में अधिकारी बनकर परिवार की उपलब्धियों में नया अध्याय जोड़ दिया है। ग्रामीणों ने उनकी सफलता पर खुशी जताते हुए उज्ज्वल सैन्य भविष्य की कामना की।




