Noida: दलित महासम्मेलन की तैयारियों पर बोले रामजी लाल सुमन-हक छीनने का काम कर रही है भाजपा
बतौर मुख्य अतिथि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा सांसद रामजी लाल सुमन ने कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि बाबा साहब भीमराव अम्बेडकर ने संविधान में सभी को बराबरी का अधिकार दिया है

15 नवंबर को आगरा में होने वाले दलित महासम्मेलन की तैयारी को लेकर सपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बुधवार को सूरजपुर स्थित जिला कार्यालय पर एक बैठक की। जिसकी अध्यक्षता जिलाध्यक्ष इंदर प्रधान ने की।
बतौर मुख्य अतिथि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा सांसद रामजी लाल सुमन ने कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि बाबा साहब भीमराव अम्बेडकर ने संविधान में सभी को बराबरी का अधिकार दिया है और पिछड़े, शोषित, वंचितों के लिए आरक्षण की व्यवस्था कर उन्हें मुख्यधारा में जोड़ने का काम किया है, लेकिन वर्तमान भाजपा सरकार की मंशा संविधान को बदलकर जनता से उनके अधिकारों को छीनने की है। आज भाजपा सरकार में देश और प्रदेश में दलितों पर अत्याचार हो रहे हैं और उनके अधिकारों से उनको वंचित करने की साजिश रची जा रही है।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी देश के संविधान की रक्षा के लिए संकलिप्त है और किसी भी परिस्थिति में संविधान विरोधी ताकतों को संविधान से छेड़छाड़ नहीं करने दी जाएगी। दलितों को उनके अधिकार दिलाने के लिए आगरा में एक विशाल दलित महासम्मेलन करने जा रही है, जिसमें सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव मुख्य अतिथि होंगे। इस महासम्मेलन में प्रदेश भर से लाखों दलित शामिल होंगे।
इस मौके पर जनपद गौतम बुद्ध नगर के कार्यकर्ताओं से भी उन्होंने दलित महासम्मेलन में बड़ी संख्या में पहुंचने की अपील की। इस मौके पर जिलाध्यक्ष इन्दर प्रधान ने कहा कि भाजपा सरकार की मानसिकता पूरी तरह दलित विरोधी है। उत्तर प्रदेश में लगातार भारतीय संविधान के निर्माता वंचित और शोषितों के मसीहा बाबा साहब भीम राव अम्बेडकर का अपमान हो रहा है।




