×
Uncategorized

Noida: दिल्ली में प्रदर्शन…नोएडा में रही टेंशन, नेताओं को किया ​हाउस अरेस्ट तो किसानों से हुई पुलिस की नोकझोंक

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और महाभियोग की मांग को लेकर किसान सभा व किसान एकता संघ का प्रदर्शन

दिल्ली में सीजेपी के प्रदर्शन के चलते नोएडा पुलिस भी अलर्ट मोड पर रही। यमुना एक्सप्रेस—वे, जीटी रोड और ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस—वे पर पुलिस ने कड़ी वाहन चेकिंग के बाद ही वाहनों को निकलने दिया। वहीं, किसानों के अलावा कांग्रेस और सपा के नेताओं को भी पुलिस ने हाउस अरेस्ट किया।

किसान सभा और किसान एकता संघ के कार्यकर्ताओं एवं नेताओं ने जेपी ग्रीन सोसाइटी के नर्मदा गेट पर भारी संख्या में एकत्र होकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के विरोध में नारेबाजी की। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में कार्यकर्ताओं ने पुलिस द्वारा किसान सभा सहित अन्य सामाजिक एवं राजनीतिक कार्यकर्ताओं को नजरबंद किए जाने का विरोध किया।

डॉ. रुपेश वर्मा ने कहा कि देश के लोकतंत्र पर तीन तरफा हमला हो रहा है। पहला, वोट लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है, लेकिन चुनावी प्रक्रिया में वोट चोरी के आरोप लोकतांत्रिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करते हैं। दूसरा, चुनावी प्रक्रिया के खिलाफ आवाज उठाने वालों को नजरबंद कर विरोध की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। तीसरा, पुलिस की कार्रवाई नागरिकों के बोलने, शांतिपूर्ण विरोध करने और अपनी बात रखने के बुनियादी संवैधानिक अधिकारों को प्रभावित कर रही है।

भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत के आह्वान पर दिल्ली जा रहे किसानों को आज पुलिस प्रशासन द्वारा गांव चपरगढ़ और यमुना एक्सप्रेसवे टोल पर बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया गया। सैकड़ों किसान ट्रैक्टर-ट्रॉली के साथ दिल्ली कूच के लिए निकले थे। विरोध में किसानों और पुलिस के बीच जमकर नोकझोंक और धक्का—मुक्की हुई। किसान टोल प्लाजा पर ही धरने पर बैठ गए और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।

राष्ट्रीय महामंत्री एवं प्रदेश प्रवक्ता पवन खटाना ने कहा कि किसानों को दिल्ली जाने से रोकना लोकतंत्र की हत्या है। किसान शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को लेकर जंतर मंतर दिल्ली जा रहे थे, सरकार को उनकी बात सुननी चाहिए थी, न कि उन्हें रोकना चाहिए।

पुलिस का पहरा, कई नेता नजरबंद
गौतमबुद्ध नगर में कांग्रेस पदाधिकारियों को दिल्ली जाने से रोकने के लिए जिला कांग्रेस कार्यालय पर पुलिस का पहरा लगा दिया गया। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि बीते दो दिनों से किसी को घर पर हिरासत में लिया जा रहा है तो किसी को पार्टी कार्यालय में नजरबंद किया जा रहा है। जिला अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला समेत कई पदाधिकारियों को जिला कार्यालय में ही रोक दिया गया।

वहीं, समाजवादी पार्टी के नेताओं को भी घरों में नजरबंद किए जाने का आरोप लगाया गया है। सपा छात्र सभा के जिला अध्यक्ष मोहित नागर के घर पर भी पूरे दिन पुलिस के आने-जाने का सिलसिला जारी रहने की बात कही गई। हालांकि, पुलिस की ओर से इस कार्रवाई के संबंध में आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है।

Aashish Gupta

आशीष गुप्ता ने जागरण इंस्टिट्यूट ऑफ़ मैनेजमेंट एंड मास कम्युनिकेशन से पत्रकारिता का डिप्लोमा किया है और राजनीतिक विज्ञान में MA करने के बाद वह राष्ट्रीय सहारा, दैनिक जागरण जैसे देश के प्रमुख समाचार संस्थानों में कार्यरत रहे। 2015 में पीआर कंपनी मेक यू बिग मीडिया प्राइवेट की स्थापना करने के बाद 2021 में फ़ेडरल भारत की शुरुआत की।

Tags

Aashish Gupta

आशीष गुप्ता ने जागरण इंस्टिट्यूट ऑफ़ मैनेजमेंट एंड मास कम्युनिकेशन से पत्रकारिता का डिप्लोमा किया है और राजनीतिक विज्ञान में MA करने के बाद वह राष्ट्रीय सहारा, दैनिक जागरण जैसे देश के प्रमुख समाचार संस्थानों में कार्यरत रहे। 2015 में पीआर कंपनी मेक यू बिग मीडिया प्राइवेट की स्थापना करने के बाद 2021 में फ़ेडरल भारत की शुरुआत की।

Related Articles

Back to top button
Close