CONRWA अध्यक्ष डॉ. पी.एस. जैन ने एलिवेटेड रोड की मरम्मत में देरी पर उठाए सवाल, नोएडा प्राधिकरण के CEO को लिखा पत्र

नोएडा: सेक्टर-60 से सेक्टर-18 के बीच स्थित एलिवेटेड रोड की एक साइड बंद होने के बावजूद करीब दो सप्ताह बीत जाने पर भी मरम्मत कार्य शुरू नहीं होने से आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस मामले को लेकर CONRWA (नोएडा चैप्टर) ने नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) को पत्र लिखकर जल्द मरम्मत कार्य शुरू कराने और सड़क को यातायात के लिए खोलने की मांग की है।
संस्था के अनुसार, समाचार पत्रों के माध्यम से जानकारी मिली थी कि स्कॉन मंदिर वाले कट से पहले सड़क पर बने गड्ढे की मरम्मत के लिए एलिवेटेड रोड की एक साइड को लगभग 10 दिनों के लिए बंद किया गया है और इस अवधि में मरम्मत कार्य पूरा कर लिया जाएगा। हालांकि, निर्धारित समय बीतने के बाद भी सड़क बंद है और मरम्मत का काम शुरू नहीं हुआ है।
CONRWA ने पत्र में कहा कि एलिवेटेड रोड की एक साइड बंद रहने के कारण नीचे की सड़क पर यातायात का दबाव काफी बढ़ गया है। विशेषकर सुबह और शाम के व्यस्त समय में जाम जैसी स्थिति उत्पन्न हो रही है। इससे आम नागरिकों का समय और ईंधन दोनों बर्बाद हो रहे हैं।
संस्था ने सड़क की खराब स्थिति के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए क्षतिग्रस्त सड़क की सतह के नमूने लेकर तकनीकी जांच कराने का सुझाव दिया है। साथ ही, यदि जांच में निर्माण कार्य की गुणवत्ता में कमी या लापरवाही सामने आती है, तो संबंधित ठेकेदार, निगरानी करने वाले अधिकारियों और कार्य को प्रमाणित करने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई तथा नियमानुसार जुर्माना लगाने की मांग की है।
CONRWA के अध्यक्ष डॉ. पी.एस. जैन (अधिवक्ता) और जनरल सेक्रेटरी राजीव गर्ग ने प्राधिकरण से जनहित को ध्यान में रखते हुए एलिवेटेड रोड की मरम्मत तत्काल शुरू कराकर जल्द पूरा करने, सड़क को आम जनता के लिए खोलने तथा मरम्मत में हुई देरी के कारणों की जांच कराने का अनुरोध किया है।




