Noida: दीपावली पर खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, 135 किलो रसगुल्ला और खोया कराया गया नष्ट
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी वीरेंद्र द्विवेदी के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारी ओपी सिंह और रविंद्र नाथ वर्मा की टीम ने जेवर टोल पर वाहनों को रोककर जांच की।

दिवाली पर्व के मद्देनजर मिलावटी और असुरक्षित खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने जिले में छापेमारी अभियान तेज कर दिया है। मंगलवार रात और बुधवार को कई स्थानों पर छापेमारी की। इस दौरान करीब 135 किलो रसगुल्ला और खोया प्रदूषित पाए जाने पर उसे नष्ट कराया गया। वहीं, संबंधित मिठाई निर्माण इकाई का रजिस्ट्रेशन निलंबित करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी वीरेंद्र द्विवेदी के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारी ओपी सिंह और रविंद्र नाथ वर्मा की टीम ने जेवर टोल पर वाहनों को रोककर जांच की। वाहन में हरेंद्र डेयरी, गढ़ी अरनिया, जटवार, अलीगढ़ से पनीर दिल्ली ले जाया जा रहा था। टीम ने पनीर के दो नमूने लेकर जांच के लिए भेजे।
बुधवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारी ओपी सिंह और अमर बहादुर सरोज की टीम ने ग्रेटर नोएडा की परशुराम विहार कॉलोनी स्थित एमके स्वीट्स से बूंदी के लड्डू का एक नमूना लिया। वहीं, खाद्य सुरक्षा अधिकारी विशाल कुमार गुप्ता और रितु सक्सेना की टीम ने नोएडा के सेक्टर-52 स्थित गिझोड़ में बीकानेर स्वीट्स की निर्माणशाला पर छापा मारा। यहां से छेना रसगुल्ला और खोया के एक-एक नमूने लिए गए।
जांच के दौरान निर्माणशाला में करीब 135 किलो रसगुल्ला और खोया संदूषित अवस्था में मिला। प्रथम दृष्टया इसे मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त पाए जाने पर नष्ट करा दिया गया। इसके अलावा निर्माण इकाई में बेहद अस्वच्छ परिस्थितियों में मिठाइयों का निर्माण किए जाने पर सुधार होने तक रजिस्ट्रेशन निलंबित करने की कार्रवाई की जा रही है। तब तक इकाई में कारोबार के संचालन पर रोक लगा दी गई है।
खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार अभियान के तहत अब तक कुल पांच नमूने लिए जा चुके हैं। अधिकारियों ने खाद्य कारोबारियों को निर्देश दिए हैं कि वे लाइसेंसधारी और पंजीकृत आपूर्तिकर्ताओं से ही खाद्य सामग्री खरीदें। खरीद का बिल अवश्य लें और निर्माण तिथि व बैच नंबर की जांच करने के बाद ही खाद्य सामग्री का भंडारण और बिक्री करें। विभाग ने स्पष्ट किया है कि दीपावली तक छापेमारी और जांच अभियान लगातार जारी रहेगा।




