Noida: चंद्रशेखर-ओवैसी के बीच गठबंधन के बाद कांग्रेस का बड़ा ऐलान, मजबूती से लड़ेगी विधानसभा चुनाव
लखनऊ में आयोजित ‘संगठन–संवाद–संकल्प’ कार्यशाला में विधानसभा चुनावों को लेकर कांग्रेस नेतृत्व को मजबूत करने का संदेश दिया गया।

लखनऊ में आयोजित ‘संगठन–संवाद–संकल्प’ कार्यशाला में विधानसभा चुनावों को लेकर कांग्रेस नेतृत्व को मजबूत करने का संदेश दिया गया। इस दौरान उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी राजेन्द्र पाल गौतम एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने स्पष्ट किया कि पार्टी वर्तमान जिला एवं शहर कांग्रेस अध्यक्षों के नेतृत्व में पूरी मजबूती और एकजुटता के साथ विधानसभा चुनावों की तैयारियों को आगे बढ़ाएगी।
आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर कांग्रेस ने संगठनात्मक निरंतरता पर भरोसा जताया है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के लखनऊ स्थित मुख्यालय में आयोजित ‘संगठन-संवाद-संकल्प’ कार्यशाला में प्रदेश नेतृत्व ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस आगामी विधानसभा चुनाव वर्तमान जिला और शहर अध्यक्षों के नेतृत्व में पूरी मजबूती और एकजुटता के साथ लड़ेगी। संगठन में बदलाव केवल उन्हीं पदाधिकारियों का होगा, जो निष्क्रिय हैं या अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन नहीं कर रहे हैं।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम और प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने कार्यशाला में जिला एवं शहर अध्यक्षों को संगठन मजबूत करने का संदेश दिया। नेतृत्व ने बूथ स्तर तक संगठन का विस्तार करने, कार्यकर्ताओं के साथ निरंतर संवाद बनाए रखने और जनता के मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाने पर जोर दिया।
प्रदेश नेतृत्व के इस फैसले से गौतमबुद्ध नगर में जिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला और नोएडा महानगर अध्यक्ष मुकेश यादव के नेतृत्व में संगठनात्मक गतिविधियों को और गति मिलने की उम्मीद है। पार्टी ने जिले की तीनों विधानसभा सीटों नोएडा, दादरी और जेवर में अपनी राजनीतिक एवं संगठनात्मक स्थिति मजबूत करने का संकल्प लिया है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला ने प्रदेश नेतृत्व के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि यह संदेश प्रदेशभर के समर्पित कांग्रेस कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने वाला है। कांग्रेस ने किसानों, युवाओं, महिलाओं, बेरोजगारों, व्यापारियों और आम नागरिकों के मुद्दों को लेकर लगातार संघर्ष किया है। दीपक भाटी ने कहा कि कांग्रेस का लक्ष्य केवल चुनावी तैयारी करना नहीं, बल्कि पार्टी की विचारधारा को गांव, कस्बे, सेक्टर, सोसायटी और प्रत्येक बूथ तक पहुंचाना है।
आगामी विधानसभा चुनाव में जिले की तीनों सीटों पर कांग्रेस को मजबूत राजनीतिक विकल्प के रूप में स्थापित करने के लिए पूरी ताकत से काम किया जाएगा। उन्होंने बताया कि संगठन विस्तार के लिए प्रदेश नेतृत्व से दिशा-निर्देश मिल चुके हैं। जल्द ही जिला संगठन में ऊर्जावान और सक्रिय कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में बूथ कमेटियों को सक्रिय करने, कार्यकर्ताओं के साथ नियमित संवाद और विधानसभा क्षेत्रवार संगठनात्मक तैयारियों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। जिला और शहर कांग्रेस कमेटियां आपसी समन्वय से वरिष्ठ नेताओं, पूर्व पदाधिकारियों, फ्रंटल संगठनों और समर्पित कार्यकर्ताओं को साथ लेकर संगठन को मजबूत करेंगी।
बता दें कि, लखनऊ में 12 नवंबर 2026 को AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने उत्तर प्रदेश में साल 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए नए गठबंधन का ऐलान किया था। इसके बाद कांग्रेस ने भी अपनी तैयारियां करनी शुरू कर दी है।



