इको विलेज-1 में धूमधाम से मनाया गया छठ महापर्व, महादेव सेवा परिवार के आयोजन में उमड़े श्रद्धालु

ग्रेटर नोएडा वेस्ट। सुपरटेक इको विलेज-1 में लोक आस्था एवं भगवान सूर्यदेव की उपासना का महापर्व छठ पूजा हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ संपन्न हुआ। महादेव सेवा परिवार की ओर से हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी इको मार्ट के सामने स्थित हरित पार्क में भव्य एवं सुव्यवस्थित छठ घाट का आयोजन किया गया, जिसमें सोसाइटी के बड़ी संख्या में निवासी एवं श्रद्धालु शामिल हुए।
छठ पूजा के अवसर पर घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। आयोजन को व्यवस्थित एवं सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए महादेव सेवा परिवार के कोर सदस्य अंतिम समय तक व्यवस्थाओं में जुटे रहे। सोमवार सुबह व्रती महिलाओं एवं पुरुषों ने उदीयमान सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भी सूर्यदेव को जल एवं दूध अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
छठ घाट की सुंदर व्यवस्था, साफ-सफाई एवं आयोजन की सराहना करते हुए कई निवासियों ने महादेव सेवा परिवार के सदस्यों को धन्यवाद दिया। आयोजन को सफल बनाने में कमिटी के सदस्यों का विशेष योगदान रहा।
इस अवसर पर कमिटी सदस्य संजय शर्मा, मुकेश ओझा, संजीव दुबे, हिमांशु गुप्ता, आशीष झा, कमल कुलश्रेष्ठ, विमल गुप्ता, विकास शर्मा, सतेंद्र सिंह, विजय सिंह, रितेश, रीमा सिंह एवं समर सिंह ने सभी निवासियों, व्रती परिवारों एवं श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग और सहभागिता से ही इतना भव्य आयोजन संभव हो पाया है। साथ ही भविष्य में इससे भी बेहतर व्यवस्था करने का संकल्प लिया।
महादेव सेवा परिवार के इस आयोजन ने सोसाइटी में धार्मिक आस्था, सामाजिक एकता और आपसी सद्भाव की सुंदर मिसाल पेश की।




