×
उत्तर प्रदेशगौतम बुद्ध नगरग्रेटर नोएडानोएडानोएडा वेस्टराजनीतिराज्य

यूपी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 16 IAS अधिकारियों के तबादले; डॉ. बलकार सिंह बने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के नए CEO

ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए 16 आईएएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। इस फेरबदल में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रविकुमार को भी नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनकी जगह डॉ. बलकार सिंह को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण का नया मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) नियुक्त किया गया है।

सरकार की ओर से जारी तबादला सूची के मुताबिक, एनजी रविकुमार को उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीसीडा) का सीईओ बनाया गया है। इसके साथ ही उन्हें आयुक्त एवं निदेशक, उद्योग, हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग की जिम्मेदारी भी दी गई है। वहीं, यूपीसीडा के सीईओ रहे डॉ. बलकार सिंह को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण का नया सीईओ नियुक्त किया गया है। उन्हें स्थानीय आयुक्त और आयुक्त, एनसीआर का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।

कानपुर और वाराणसी के मंडलायुक्त भी बदले

प्रशासनिक फेरबदल के तहत के. विजयेंद्र पांडियन को कानपुर मंडलायुक्त के पद से हटाकर वाराणसी का मंडलायुक्त नियुक्त किया गया है। वहीं, वाराणसी के मंडलायुक्त एस. राजलिंगम को कानपुर मंडल की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

जिलों में भी हुआ बड़ा फेरबदल

तबादला सूची में कई जिलों के जिलाधिकारी भी शामिल हैं। अनिल कुमार सिंह को भदोही का जिलाधिकारी बनाया गया है। शैलेश कुमार को चंदौली, रमेश रंजन को गोंडा और उमेश मिश्रा को जौनपुर का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं, सैमुअल पॉल एन. को अपर आयुक्त एवं अपर निबंधक (बैंकिंग), सहकारी समितियां की जिम्मेदारी दी गई है।

चन्द्र मोहन गर्ग को विशेष सचिव, मुख्यमंत्री बनाया गया है, जबकि प्रियंका निरंजन को विशेष सचिव, नगर विकास नियुक्त किया गया है। मनोज कुमार राय को श्रावस्ती का नया जिलाधिकारी बनाया गया है। वहीं, श्रावस्ती की जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग को विशेष सचिव, बाल विकास एवं पुष्टाहार के पद पर भेजा गया है।

इसके अलावा, शामली के जिलाधिकारी आलोक यादव को विशेष सचिव, आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स बनाया गया है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी के पद पर तैनात प्रवीण वर्मा को शामली का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है।

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में बदलेगा नेतृत्व

इस फेरबदल में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में नेतृत्व परिवर्तन को अहम माना जा रहा है। डॉ. बलकार सिंह के सामने अब ग्रेटर नोएडा में विकास परियोजनाओं, बुनियादी सुविधाओं और औद्योगिक गतिविधियों को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होगी। वहीं, एनजी रविकुमार को यूपीसीडा में औद्योगिक विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।

प्रदेश सरकार के इस प्रशासनिक फेरबदल से शासन, मंडल और जिला स्तर पर कई महत्वपूर्ण पदों पर नए अधिकारियों की तैनाती हुई है।

Vishnu Pratap

मेरा नाम विष्णु प्रताप है। मेरा जन्म 18 मई 2004 को उत्तर प्रदेश के एटा जिले में हुआ। पत्रकारिता मेरे लिए सिर्फ एक करियर नहीं, बल्कि एक जुनून है। वर्तमान में मैं Federal Bharat News में रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हूं। मुझे अंतरराष्ट्रीय संबंध, इतिहास, राजनीति, युद्ध से जुड़ी खबरें, बिज़नेस और NGO से संबंधित विषयों में गहरी रुचि है। खाली समय में मुझे पढ़ना और अपने दोस्तों के साथ समय बिताना अच्छा लगता है।

Vishnu Pratap

मेरा नाम विष्णु प्रताप है। मेरा जन्म 18 मई 2004 को उत्तर प्रदेश के एटा जिले में हुआ। पत्रकारिता मेरे लिए सिर्फ एक करियर नहीं, बल्कि एक जुनून है। वर्तमान में मैं Federal Bharat News में रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हूं। मुझे अंतरराष्ट्रीय संबंध, इतिहास, राजनीति, युद्ध से जुड़ी खबरें, बिज़नेस और NGO से संबंधित विषयों में गहरी रुचि है। खाली समय में मुझे पढ़ना और अपने दोस्तों के साथ समय बिताना अच्छा लगता है।

Related Articles

Back to top button
Close