गौतमबुद्ध नगर की तीनों प्राधिकरणों पर महापंचायत करेगी भारतीय किसान यूनियन, नोएडा में समीक्षा बैठक कर बनाई आंदोलन की रणनीति

नोएडा। गौतमबुद्ध नगर के किसानों की लंबित मांगों को लेकर भारतीय किसान यूनियन ने आंदोलन तेज करने का ऐलान किया है। किसानों के मुद्दों को लेकर सोमवार को नोएडा स्थित नलगाड़ा कार्यालय पर संगठन की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना एक्सप्रेसवे प्राधिकरण के खिलाफ चरणबद्ध तरीके से किसान महापंचायत आयोजित की जाएगी।
बैठक की अध्यक्षता सवेरा मास्टर जी ने की, जबकि संचालन जेवर जिला अध्यक्ष रॉबिन नागर एवं सुनील प्रधान ने किया। बैठक में जिले के विभिन्न तहसीलों, ब्लॉकों और गांवों के पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान किसानों की लंबित समस्याओं की समीक्षा की गई और प्रस्तावित महापंचायत को सफल बनाने के लिए पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
बैठक के बाद भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय महासचिव एवं प्रदेश प्रवक्ता पवन खटाना ने कहा कि किसान अब केवल आश्वासनों से संतुष्ट होने वाले नहीं हैं। प्राधिकरण और शासन किसानों की जमीन पर विकास कार्य कर रहे हैं, लेकिन किसानों को उनका अधिकार नहीं मिल रहा है। 10 प्रतिशत विकसित आबादी भूखंड, बैकलीज, रोजगार और उचित मुआवजा किसानों का अधिकार है, कोई भीख नहीं।
उन्होंने कहा कि संगठन की ओर से कई बार वार्ता की गई और ज्ञापन सौंपकर किसानों की समस्याएं उठाई गईं, लेकिन अब तक उनका स्थायी समाधान नहीं हुआ है। जब तक किसानों की मांगों पर लिखित निर्णय नहीं लिया जाएगा, आंदोलन जारी रहेगा। तीनों प्राधिकरणों पर महापंचायत आयोजित की जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर किसानों की आवाज दिल्ली तक पहुंचाई जाएगी। उन्होंने जिले के किसानों, नौजवानों और संगठन के पदाधिकारियों से एकजुट होकर महापंचायत में पहुंचने की अपील की।
वहीं, भारतीय किसान यूनियन के जिला मीडिया प्रभारी सुनील प्रधान ने कहा कि समीक्षा बैठक में संगठन की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई है। गांव-गांव में जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा और प्रत्येक गांव से किसान ट्रैक्टर-ट्रॉली के साथ महापंचायत में पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि किसानों की जमीन अधिग्रहित होने के बावजूद उन्हें अपने हक और आबादी के भूखंड के लिए वर्षों तक प्राधिकरणों के चक्कर लगाने पड़ते हैं। यह स्थिति अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। महापंचायत की तारीख और स्थान की घोषणा संगठन की ओर से जल्द आधिकारिक रूप से की जाएगी।
बैठक में सुरेंद्र नागर ने किसानों की प्रमुख समस्याओं को उठाते हुए कहा कि 10 प्रतिशत विकसित आबादी भूखंड का तत्काल आवंटन, बैकलीज एवं पुश्तैनी आबादी का निस्तारण, भूमि अधिग्रहण में उचित मुआवजा और नए भूमि अधिग्रहण कानून का लाभ किसानों को मिलना चाहिए। इसके अलावा प्रभावित किसान परिवारों के युवाओं को रोजगार तथा गांवों में सड़क, नाली, पानी और सफाई जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि न्यू नोएडा सहित तीनों प्राधिकरण क्षेत्रों के किसानों की समस्याओं का लंबे समय से समाधान नहीं हो रहा है।
समीक्षा बैठक में पदाधिकारियों ने गांव स्तर पर संगठन को और मजबूत करने तथा प्रस्तावित किसान महापंचायत को सफल बनाने का संकल्प लिया।
इस मौके पर राजे प्रधान, राजीव मलिक, संदीप एडवोकेट, जितेंद्र बैरागी, गौरव बैरागी, अनिल, राकेश, बिट्टू भाटी, प्रेम सिंह चंदीला, मास्टर सुबे राम, धर्मपाल सिंह स्वामी, वीरपाल सिंह, योगेश भाटी, बेली भाटी, सुंदर, ऋषि शर्मा, नागेश कुमार, श्रीपाल मलिक, योगेश, सत्येंद्र, अमित जैलदार, पंकज शर्मा, अर्जुन यादव, अतुल चौहान, ललित नंबरदार, भारत प्रधान, कपिल तंवर, अमित डेढा, प्रदीप डेढा, दीपक, नीरज कुमार सिंह, धर्मेंद्र प्रधान, सोनू भड़ाना, सोनू बैसला, धर्मेंद्र चपराना, गुलफाम, इस्माइल, मोती, नीरज भाटी, संजू, टीटू बैसला, संजू मोरना सहित सैकड़ों किसान कार्यकर्ता मौजूद रहे।




