मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 11 नई सिटी बसों को दिखाई हरी झंडी, नोएडा-ग्रेटर नोएडा को मिली आधुनिक परिवहन सुविधा

नोएडा – नोएडा और ग्रेटर नोएडा की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को नई गति देते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को लखनऊ से वर्चुअल माध्यम के जरिए 11 नई एसी सिटी बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन बसों के संचालन के साथ ही क्षेत्र में शहरी परिवहन के नए अध्याय की शुरुआत हो गई है।
नोएडा सेक्टर-33ए स्थित शिल्प हाट में आयोजित कार्यक्रम में सांसद डॉ. महेश शर्मा, विधायक पंकज सिंह, नोएडा प्राधिकरण के सीईओ कृष्ण करुणेश, भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा, महानगर अध्यक्ष महेश चौहान सहित कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने बस सेवा के शुभारंभ को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया।
नई सिटी बसें अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस हैं। प्रत्येक बस में 41 यात्रियों के बैठने की क्षमता है। यात्रियों की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जबकि मोबाइल चार्जिंग पोर्ट जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं। पहले 10 बसों के संचालन की योजना थी, लेकिन बाद में संख्या बढ़ाकर 11 कर दी गई।
नई बस सेवा के तहत चार प्रमुख रूट निर्धारित किए गए हैं। इनमें बॉटेनिकल गार्डन से ग्रेटर नोएडा वेस्ट, एयरपोर्ट, सूरजपुर और आरआरटीएस स्टेशन तक के मार्ग शामिल हैं, जिससे नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद के बीच कनेक्टिविटी और बेहतर होगी।
इस दौरान नई किराया दरें भी लागू कर दी गईं। पहले जहां न्यूनतम किराया 10 रुपये और अधिकतम 30 रुपये था, वहीं अब यात्रियों को 20 रुपये से 50 रुपये तक किराया देना होगा। प्रशासन के अनुसार बेहतर सुविधाओं और परिचालन लागत को ध्यान में रखते हुए यह बदलाव किया गया है।
नई एसी बसों के संचालन से यात्रियों को आरामदायक, सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल यात्रा सुविधा उपलब्ध होगी, वहीं शहर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को भी नई मजबूती मिलेगी।



