Noida: घर से निकला छात्र बेहोशी की हालत में मिला, मौत के बाद गुस्साए परिजनों ने किया प्रदर्शन
बिरौड़ा निवासी सुधीर भाटी के मुताबिक, बंटी उनका चचेरा भाई था और वह वीरवार देर रात करीब 12 बजे दो दोस्तों के साथ घर से निकला था।

बीटा-2 कोतवाली क्षेत्र के बिरौड़ा गांव से घर से निकले 11वीं क्लास के छात्र की उपचार केे दौरान कैलाश अस्पताल में मौत हो गई। गुस्साए परिजनों ने करीब एक घंटे सूरजपुर—परीचौक पर कैलाश अस्पताल के सामने सड़क जाम कर दी। परिजनों ने मुकदमा दर्ज कर दोषिेयों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। आरोप है कि उसके दोस्त घर से बुलाकर ले गए थे। वह बेहोशी की हालत में पाली गांव के अंडरपास के पास मिला है। आरोप है कि शव का पंचनामा भरवाने के लिए वह पुलिस चौकियों के चक्कर काटते रहे। सीमा का हवाला देकर उन्हें टरकाया जाता रहा।
बिरौड़ा निवासी सुधीर भाटी के मुताबिक, बंटी उनका चचेरा भाई था और वह वीरवार देर रात करीब 12 बजे दो दोस्तों के साथ घर से निकला था। देर रात थापखेड़ा गांव निवासी एक युवक ने उसके घायल होने की सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजनों को वह बेहोशी की हालत में मिला। सुधीर का आरोप है कि बंटी के मुंह से झाग निकल रहा था। उसे तत्काल कैलाश अस्पताल पहुंचाया गया, जहां शुक्रवार दोपहर करीब डेढ़ बजे उसकी मौत हो गई।
परिजनों ने हत्या की आंशका जताई है। आरोप है कि वहां भी सीमा विवाद का हवाला देकर सुनवाई नहीं की गई। इसी बीच अस्पताल में बंटी की मौत हो गई। इसके बाद शव का पंचनामा भरवाने के लिए स्वजन को फिर पुलिस के चक्कर लगाने पड़े। नॉलेज पार्क पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्ट के लिए भेजा है। बीटा-2 कोतवाली पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।
डीसीपी ग्रेटर नोएडा रवि शंकर निम ने बताया कि सीमा विवाद में पुलिस के उलझने का मामला सही नहीं है। परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पूरे मामले की छानबीन कराई जा रही है। लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।




