Noida: विश्वस्तर की मदरसन कंपनी ने दिया यमुना सिटी में 3,491 करोड़ का निवेश प्रस्ताव, 20 हजार को रोजगार
प्रस्तावित परियोजना में आधुनिक तकनीक से लैस एकीकृत विनिर्माण व्यवस्था विकसित की जाएगी।
उत्तर प्रदेश में औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन को नई रफ्तार देने की दिशा में वैश्विक ऑटोमोबाइल कंपोनेंट्स निर्माता संवर्धन मदरसन इंटरनेशनल लिमिटेड (SAMIL) ने 3,491 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव रखा है। कंपनी और उसकी समूह कंपनियां इस ग्रीनफील्ड परियोजना के माध्यम से ऑटोमोबाइल उद्योग के लिए महत्वपूर्ण कलपुर्जों का निर्माण करेंगी। परियोजना के अगले पांच वर्षों में करीब 15 हजार से 20 हजार लोगों के लिए रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है।
प्रस्तावित परियोजना में आधुनिक तकनीक से लैस एकीकृत विनिर्माण व्यवस्था विकसित की जाएगी। इसके तहत वायरिंग हार्नेस, पीवीसी इंसुलेटेड तार, बाहरी और आंतरिक रियर-व्यू मिरर, ऑटोमोटिव लाइटिंग सिस्टम, प्रिसिजन मेटल कंपोनेंट्स और एग्जॉस्ट सिस्टम का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा इंजेक्शन मोल्डिंग, उन्नत टूलिंग समाधान, कटिंग टूल्स और एयरोस्पेस कंपोनेंट्स से जुड़ी विनिर्माण क्षमताएं भी विकसित करने की योजना है।
मशीनरी और प्लांट पर खर्च होंगे 1,928 करोड़ रुपये
कंपनी की प्रस्तावित निवेश योजना में 183 करोड़ रुपये भूमि, 997 करोड़ रुपये भवन, 1,928 करोड़ रुपये प्लांट एवं मशीनरी और 383 करोड़ रुपये उपयोगिताओं के विकास पर खर्च किए जाने का प्रावधान है। इस तरह कुल प्रस्तावित पूंजीगत व्यय 3,491 करोड़ रुपये है। कंपनी के अनुसार, निवेश की व्यवस्था आंतरिक स्रोतों से की जाएगी।
परियोजना में डिजाइन सपोर्ट, सटीक टूलिंग, कंपोनेंट निर्माण, सब-असेंबली, अंतिम असेंबली और परीक्षण सुविधाओं को एक ही विनिर्माण इकोसिस्टम के अंतर्गत विकसित किया जाएगा। इससे ऑटोमोबाइल उद्योग की आपूर्ति शृंखला को मजबूती मिलने की उम्मीद है।




