जीएल बजाज में टर्मिनेटर 5.0–2026 का आयोजन, मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ रहे मुख्य अतिथि
ग्रेटर नोएडा में इलेक्ट्रिक वाहनों और बैटरी रीसाइक्लिंग पर हुई चर्चा, विद्यार्थियों को उत्पाद-आधारित शोध के लिए किया प्रेरित

ग्रेटर नोएडा – जीएल बजाज इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट में शनिवार को टर्मिनेटर 5.0–2026 का आयोजन किया गया। संस्थान के आईटीएम भवन में आयोजित इस कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास, निर्यात प्रोत्साहन, एनआरआई एवं निवेश प्रोत्साहन मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम का आयोजन इंटरनेशनल फेडरेशन ऑफ इलेक्ट्रिक व्हीकल एसोसिएशन (आईफेवा) के सहयोग से किया गया।
कार्यक्रम में इलेक्ट्रिक वाहन उद्योग, औद्योगिक विकास, पर्यावरण संरक्षण और नई तकनीकों में शोध की संभावनाओं पर चर्चा हुई। इस दौरान मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ ने उत्तर प्रदेश में औद्योगिक विकास और इलेक्ट्रिक वाहन क्षेत्र में हो रहे बदलावों का उल्लेख किया। उन्होंने नोएडा को मोबाइल फोन और इलेक्ट्रिक वाहन निर्माण के प्रमुख केंद्र के रूप में प्रस्तुत करते हुए राज्य में निवेश और विनिर्माण से जुड़े अवसरों पर प्रकाश डाला।
मंत्री ने कहा कि परिवहन क्षेत्र में इलेक्ट्रिक वाहनों का उपयोग तेजी से बढ़ रहा है। अब ट्रक और बस जैसे भारी वाहन भी बैटरी से संचालित हो रहे हैं, जिससे कार्बन उत्सर्जन कम करने और सतत विकास को बढ़ावा देने की संभावनाएं मजबूत हुई हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को उत्पाद-आधारित शोध पर ध्यान देने और विशेष रूप से बैटरियों की रीसाइक्लिंग एवं पुनः उपयोग के क्षेत्र में नई तकनीक विकसित करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में सिविल डिफेंस के डिवीजनल ऑफिसर रौनक गुप्ता, भारत सरकार के प्रधान वैज्ञानिक सलाहकार कार्यालय में वैज्ञानिक ‘एफ’ विशाल चौधरी, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय की संयुक्त सचिव मर्सी एपाओ, ऑटोमोटिव स्किल्स डेवलपमेंट काउंसिल के चेयरपर्सन विंकेश गुलाटी तथा नीति आयोग के पूर्व सलाहकार सुधेंदु जे. सिन्हा उपस्थित रहे।
जीएल बजाज एजुकेशनल इंस्टीट्यूशंस के उपाध्यक्ष पंकज अग्रवाल ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए पूरी टीम को बधाई दी। इस अवसर पर जीएल बजाज इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट के निदेशक डॉ. मानस कुमार मिश्रा भी मौजूद रहे। कार्यक्रम का समन्वय इलेक्ट्रिकल एवं इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मोहित बंसल ने किया।
उल्लेखनीय है कि जीएल बजाज इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट, ग्रेटर नोएडा, अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (एआईसीटीई) से अनुमोदित और डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू) से संबद्ध संस्थान है। संस्थान को राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद (नैक) से पहले ही चक्र में A+ ग्रेड तथा राष्ट्रीय प्रत्यायन बोर्ड (एनबीए) से मान्यता प्राप्त है।



