महागुन मायवुड्स सोसायटी में बालकनी से गिरकर पिता-पुत्र की मौत, पूजा के लिए फूल तोड़ने गए थे दोनों खाटू श्याम मंदिर जाने की थी तैयारी, सीढ़ी से फिसलकर नीचे गिरने की आशंका
ग्रेटर नोएडा वेस्ट की महागुन मायवुड्स सोसायटी में शुवार सुबह दर्दनाक हादसे में पिता और 11 वर्षीय बेटे की मौत हो गई। दोनों सोसायटी के टावर-23 की बालकनी से नीचे गिर गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान 40 वर्षीय रणदीप पात्रा और उनके 11 वर्षीय बेटे आरव के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार सुबह पीआरवी के माध्यम से थाना बिसरख पुलिस को सोसायटी में दो लोगों के ऊपर से गिरने की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची तो रणदीप और उनका बेटा गंभीर हालत में मिले। दोनों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, रणदीप की पत्नी ने पुलिस को बताया कि परिवार को सुबह जल्दी खाटू श्याम मंदिर के लिए निकलना था। मंदिर जाने से पहले पूजा के लिए फूल तोड़ने के लिए रणदीप अपने बेटे के साथ बालकनी में गए थे। इस दौरान सीढ़ी से फिसलने के कारण दोनों के बालकनी से नीचे गिरने की आशंका है।




