ग्रेटर नोएडा में भारतीय नववर्ष ‘उमंग का होगा भव्य आयोजन, तैयारियों को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित

ग्रेटर नोएडा: भारतीय संस्कृति और परंपराओं के उत्सव ‘उमंग 2082’ का आयोजन 28 मार्च से 31 मार्च 2025 तक सम्राट मिहिर भोज सिटी पार्क, ग्रेटर नोएडा में किया जाएगा। इस भव्य आयोजन का नेतृत्व भारत नवनिर्माण ट्रस्ट के अंतर्गत भारतीय पर्व आयोजन समिति द्वारा किया जा रहा है।
उत्सव की प्रमुख झलकियां:
भारतीय खेलों की प्रतियोगिताएं – स्कूली बच्चों के लिए विभिन्न पारंपरिक खेलों की प्रतिस्पर्धा।
सांस्कृतिक कार्यक्रम – 29 मार्च को चंद्रा म्यूजिक द्वारा रंगारंग प्रस्तुति और 31 मार्च को भारत विकास परिषद द्वारा भव्य कवि सम्मेलन।
कलात्मक प्रतियोगिताएं – रंगोली, चित्रकला, मेंहदी, एकल एवं समूह नृत्य जैसे कार्यक्रम।
मुख्य वक्ता – 28 मार्च को संघ के सह क्षेत्र संपर्क प्रमुख हरीश रौतेला, 29 मार्च को सह प्रांत संपर्क प्रमुख वेदपाल आर्य, और 30 मार्च को विश्व हिंदू परिषद के राष्ट्रीय प्रचार प्रमुख विजय शंकर तिवारी विशेष संबोधन देंगे।
विशिष्ट अतिथि – उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल, सांसद डॉ. महेश शर्मा, अतुल गर्ग, विधायक तेजपाल नागर, धीरेन्द्र सिंह, और शिक्षक विधायक श्रीचंद शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
हिंदू नववर्ष का वैज्ञानिक और ऐतिहासिक महत्व
समिति अध्यक्ष ओम प्रकाश अग्रवाल ने बताया कि हिंदू नववर्ष (चैत्र शुक्ल प्रतिपदा) का प्रारंभ वैज्ञानिक, शास्त्रसम्मत और प्रकृति के अनुरूप है।
यह वही दिन है जब भगवान ब्रह्मा ने सृष्टि का निर्माण किया, सम्राट विक्रमादित्य ने विक्रम संवत की स्थापना की, और मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम का राज्याभिषेक हुआ।
इसी दिन स्वामी दयानंद सरस्वती ने आर्य समाज की स्थापना की और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संस्थापक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार का जन्म हुआ।
नववर्ष के स्वागत में प्रकृति का उल्लास
समिति के सह-संयोजक सौरभ बंसल ने कहा कि यह सिर्फ मानव समाज ही नहीं, बल्कि पूरी प्रकृति का नवजागरण का पर्व है। वसंत ऋतु में नई पत्तियों और फूलों से आच्छादित पेड़-पौधे, खेतों में लहराती सरसों, और पूरे वातावरण में नवजीवन का संचार इस पर्व को विशेष बनाता है।
सरोज तोमर ने बताया कि उत्सव में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा, जिसमें 28 मार्च को रंगोली और एकल गायन, 29 मार्च को चित्रकला, मेंहदी और समूह गायन, 30 मार्च को ‘इंद्रधनुष’ और एकल नृत्य तथा 31 मार्च को समूह नृत्य प्रतियोगिता होगी।
इस प्रेस वार्ता में गुड्डी तोमर, बीना अरोरा, संगीता सक्सेना, मीनाक्षी माहेश्वरी, विवेक अरोरा, अनुज सिंघल समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।