नोएडा में पहली बार भव्य तरीके से मनाया गया ओडिशा का पारंपरिक ‘राजा पर्व’

नोएडा : शहर में इस बार ‘राजा पर्व 2025’ का आयोजन बेहद खास रहा। समुदायिक विकास समिति (SVS) द्वारा पहली बार इतनी भव्यता से आयोजित हुए इस महोत्सव में नोएडा, दिल्ली और एनसीआर से करीब 25 हजार ओडिया समाज के लोग शामिल हुए। दो दिवसीय इस आयोजन ने नोएडा को सच में मिनी ओडिशा में बदल दिया।
धरती माँ और नारी शक्ति को समर्पित पर्व
‘राजा पर्व’ ओडिशा का एक ऐसा त्योहार है, जो धरती की उर्वरता और महिला शक्ति को समर्पित होता है। वर्षा ऋतु की शुरुआत के साथ मनाया जाने वाला यह उत्सव, मातृत्व और मातृभूमि के प्रति श्रद्धा का प्रतीक है। इस आयोजन में सांस्कृतिक गौरव, उत्साह और भावनात्मक जुड़ाव देखने को मिला।
गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति ने बढ़ाई शोभा
समारोह में गौतमबुद्ध नगर के सांसद डॉ. महेश शर्मा, भाजपा नेता विजयपाल सिंह तोमर और महेश चौहान, उद्योगपति राजेश सहाय, जिला अधिकारी मनीष वर्मा समेत कई अन्य प्रतिष्ठित हस्तियों ने शिरकत की। सभी ने इस सांस्कृतिक पहल की जमकर सराहना की और SVS तथा डॉ. मनोरंजन महांती को बधाई दी।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
राजा पर्व के दौरान पपु पाम पाम की हास्य प्रस्तुति ने दर्शकों को खूब हँसाया, जबकि अनिंदिता दास, देवेश पति, पपु पांडा और ज्योति जैसे गायकों की आवाज़ ने समा बाँध दिया। ओलिवुड के स्टार अश्रुमोचन महांती की उपस्थिति भी विशेष आकर्षण रही।
इसके अलावा, ओडिसी, संबलपुरी, झूमर, गोटीपुआ और जनजातीय नृत्यों ने सांस्कृतिक विविधता का खूबसूरत प्रदर्शन किया।
हथकरघा, परिधान और कला का संगम
कार्यक्रम में 30 से अधिक स्टॉल्स लगाए गए थे, जिनमें ओडिशा के पारंपरिक हस्तशिल्प, कपड़े, फोटोग्राफी और लोक कलाएं प्रदर्शित की गईं। महिलाओं और बच्चों के लिए राजा क्वीन प्रतियोगिता, ड्राइंग व मेहंदी प्रतियोगिता जैसी गतिविधियां भी रखी गईं।
ओडिया फूड फेस्टिवल बना मुख्य आकर्षण
महोत्सव का सबसे स्वादिष्ट पहलू रहा ओडिया व्यंजनों की खुशबू। कटक का दहीबड़ा-आलूदम, रसगुल्ला, टंका तोरानी, छेना पोड़ा, पोड़ा पीठा और जाजपुर का स्पेशल पान जैसे पारंपरिक व्यंजनों ने नोएडा वासियों का दिल जीत लिया।
आयोजन समिति की मेहनत ने दिल जीता
पूरे कार्यक्रम की व्यवस्था और समन्वय SVS टीम ने बखूबी संभाला। डॉ. मनोरंजन महांती के नेतृत्व में प्रमोद भाल, रीता पात्रा, धनेश्वर नायक, और अन्य सदस्यों की टीम ने इस आयोजन को ऐतिहासिक और यादगार बना दिया।




