Greater Noida : केशव मौर्य की दो टूक – आयुष्मान कार्ड में लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई !

नोएडा: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य बुधवार को ग्रेटर नोएडा के दादरी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम आकिलपुर पहुंचे।
यहां आयोजित जनसभा में उन्होंने केंद्र सरकार की 11 वर्षों की उपलब्धियों को गिनाते हुए जनता को संबोधित किया।
मोदी सरकार ने आतंकवाद को दिया मुंहतोड़ जवाब
जनसभा को संबोधित करते हुए मौर्य ने कहा कि 2014 से पहले देश में निराशा, भ्रष्टाचार और अराजकता फैली हुई थी। लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने न सिर्फ विकास की रफ्तार पकड़ी, बल्कि आतंकवादियों को भी कड़ा जवाब दिया। उन्होंने कहा कि अब भारत कमजोर नहीं, बल्कि निर्णायक कार्रवाई करने वाला राष्ट्र बन चुका है।
आयुष्मान भारत योजना पर दिया विशेष जोर
केशव मौर्य ने प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत योजना की सराहना करते हुए इसे गरीबों के लिए वरदान बताया। उन्होंने कहा कि इस योजना से 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज संभव है, लेकिन कई अधिकारी इस योजना में ढिलाई बरत रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि आयुष्मान कार्ड बनाने में लापरवाही करने वाले अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
राहुल और अखिलेश पर सीधा हमला
अपने भाषण में मौर्य ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर भी निशाना साधा। उन्होंने विपक्षी दलों को अवसरवादी बताते हुए कहा कि इन्हें जनता से नहीं, सिर्फ सत्ता से मतलब है।
कार्यक्रम में कई बड़े नेता रहे मौजूद
इस जनसभा में सांसद डॉ. महेश शर्मा, पश्चिमी यूपी बीजेपी अध्यक्ष सत्येंद्र सिसोदिया, विधायक तेजपाल नागर और जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा समेत कई नेता मौजूद रहे।




