नोएडा में फिर लिफ्ट हादसा: सेक्टर-141 फुट ओवर ब्रिज पर 6 लोग 45 मिनट तक फंसे

नोएडा: नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर बने सेक्टर-141 के पास स्थित फुट ओवर ब्रिज की लिफ्ट में शुक्रवार को एक गंभीर घटना सामने आई।
लिफ्ट में तकनीकी खराबी आने के कारण 6 लोग करीब 45 मिनट तक फंसे रहे। जैसे ही लिफ्ट रुकी, अंदर मौजूद लोगों में घबराहट और दहशत फैल गई।
मोबाइल से डायल-112 पर दी गई सूचना, पुलिस ने तत्परता दिखाई
लिफ्ट में फंसे एक व्यक्ति ने तुरंत डायल-112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना सेक्टर-142 की पुलिस और पीआरवी टीम मौके पर पहुँची।
स्थानीय टेक्नीशियन की मदद से सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
रेस्क्यू के बाद मिली राहत, लोगों ने जताया आभार
लिफ्ट में फंसे लोगों की पहचान धर्मपाल सिंह, अरविंद सिंह, विकास सिंह, बेनाम बादशाह, विशाल मलिक और एक अन्य व्यक्ति के रूप में हुई।
सफल रेस्क्यू के बाद सभी ने राहत की सांस ली और पुलिस और टेक्नीशियन की त्वरित कार्रवाई की सराहना की।
फंसे लोगों का कहना था कि अगर मदद समय पर नहीं पहुंचती तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी।
नोएडा में लिफ्ट से जुड़े हादसों की बढ़ती संख्या
यह कोई पहली घटना नहीं है। हाल ही में लॉ लरेजिडेंशिया, यथार्थ अस्पताल वेस्ट, और बीटा-2 क्षेत्र की एक सोसाइटी में भी लिफ्ट में फंसने की घटनाएं सामने आई हैं।
इनमें से कई मामलों में पुलिस को लिफ्ट के दरवाजे तोड़कर लोगों को बाहर निकालना पड़ा था।
लिफ्ट सुरक्षा और मेंटेनेंस पर उठे गंभीर सवाल
लगातार हो रही ऐसी घटनाएं नोएडा शहर के लिफ्ट सिस्टम की सुरक्षा और रखरखाव पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं।
विशेषज्ञों और स्थानीय लोगों की मांग है कि प्रशासन को सार्वजनिक स्थलों पर लिफ्ट की नियमित जांच, निगरानी और मेंटेनेंस सुनिश्चित करना चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।




