CONRWA और UPPCL की बैठक: बिजली कटौती, वोल्टेज समस्या और निरीक्षण पर चर्चा !
नोएडा : कनफेडरेशन ऑफ एनसीआर रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (CONRWA) – नोएडा चैप्टर के प्रतिनिधियों ने दिनांक 21 जून 2025 को उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (UPPCL), गौतम बुद्ध नगर के मुख्य अभियंता श्री संजय कुमार जैन से उनके कार्यालय में मुलाकात कर नोएडा की बिजली आपूर्ति व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा की।
अध्यक्ष पी.एस. जैन ने रखी नागरिकों की समस्याएं
संस्था के अध्यक्ष श्री पी.एस. जैन ने बताया कि नोएडा में कमजोर विद्युत अवसंरचना (Infrastructure) के चलते हल्की हवा या बारिश में भी बिजली आपूर्ति बाधित हो जाती है।
उन्होंने प्रमुख समस्याओं की ओर ध्यान आकर्षित किया, जैसे:
ट्रांसफार्मरों पर अत्यधिक लोड
वोल्टेज का असंतुलन
पेड़ों की टहनियों से तारों का संपर्क
निरीक्षण की अनियमितता
उन्होंने सुझाव दिया कि अधिकारियों को बिजलीघरों का नियमित निरीक्षण करना चाहिए और उसका रिकॉर्ड भी मेंटेन किया जाना चाहिए।
पूर्व सूचना और मरम्मत कार्यों के लिए तय प्रक्रिया की मांग
CONRWA ने आग्रह किया कि:
मरम्मत के कार्य की सूचना कम से कम एक दिन पहले दी जाए
हर उपभोक्ता को मोबाइल पर सूचना भेजने की प्रणाली लागू हो
स्टैंडडाउन प्लान का रोस्टर बनाया जाए ताकि लोगों को पहले से जानकारी हो कि कब बिजली कटेगी
महासचिव राजीव गर्ग ने रखे तकनीकी समाधान के सुझाव
संस्था के महासचिव श्री राजीव गर्ग ने सुझाव दिया कि ट्रांसफार्मरों की मरम्मत, आयल टेस्टिंग, जंपर कसने, और लटकती तारों पर स्पेसिंग बार लगाने जैसे छोटे लेकिन आवश्यक कार्यों की नियमित देखरेख और निगरानी की जाए।
मुख्य अभियंता का आश्वासन: जल्द शुरू होगा अंडरग्राउंड वायरिंग कार्य
मुख्य अभियंता श्री संजय कुमार जैन ने बताया कि:
नोएडा में विद्युत लाइन को भूमिगत (अंडरग्राउंड) करने का कार्य जल्द शुरू किया जाएगा
अब तक करीब 300 नए ट्रांसफार्मर स्थापित किए जा चुके हैं
विभाग को नया बजट स्वीकृत हुआ है, जिससे आपूर्ति सुधार के कार्य किए जा रहे हैं
उन्होंने आश्वस्त किया कि CONRWA द्वारा दिए गए सुझावों पर विभाग गंभीरता से विचार करेगा और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।




