बीजेपी नेता सुनील भराला के आवास पर उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का भव्य स्वागत, भराला को बताया भाजपा का सच्चा सिपाही

मेरठ : उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष श्री केशव प्रसाद मौर्य आज मेरठ के पल्लवपुरम स्थित पूर्व दर्जा राज्यमंत्री, वरिष्ठ भाजपा नेता एवं राष्ट्रीय परशुराम परिषद के संस्थापक श्री सुनील भराला के आवास पर पहुँचे। इस अवसर पर भाजपा कार्यकर्ताओं व स्थानीय जनता में उत्साह का माहौल देखा गया।
उपमुख्यमंत्री के आगमन पर सुनील भराला के परिवारजनों द्वारा पारंपरिक तिलक कर उनका आत्मीय स्वागत किया गया। इसके बाद आयोजित स्वागत समारोह में केशव प्रसाद मौर्य ने मंच से अपने पुराने संघर्षों को याद करते हुए कहा कि –
“2016 में लखनऊ में हुए लाठीचार्ज और संघर्ष की यादें आज भी ताज़ा हैं। उन दिनों सुनील भराला ने जिस साहस और निष्ठा के साथ संगठन की बात रखी और संघर्ष किया, वह हर कार्यकर्ता के लिए प्रेरणास्रोत है।”
उन्होंने आगे कहा,
“सुनील भराला ऐसे नेता हैं जो भाजपा के हर कार्यकर्ता और पदाधिकारी को साथ लेकर चलते हैं। संगठन में एकजुटता और समर्पण उनके स्वभाव में है।”
इस अवसर पर बड़ी संख्या में भाजपा के वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
प्रमुख रूप से कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष श्री शिव कुमार राणा, कैंट विधायक श्री अमित अग्रवाल, विधान परिषद् सदस्य श्री अश्विनी त्यागी जी, भाजपा महानगर अध्यक्ष श्री विवेक रस्तोगी, परशुराम स्वाभिमान सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अजय भराला सहित पार्टी के अनेक वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम स्थल पर कार्यकर्ताओं ने “जय परशुराम” और “भारतीय जनता पार्टी जिंदाबाद” के नारों से पूरे वातावरण को गुंजायमान कर दिया।
इस मुलाकात को भाजपा के सांगठनिक समन्वय और जमीनी स्तर पर मजबूत पकड़ का प्रतीक माना जा रहा है। उपमुख्यमंत्री का यह दौरा कार्यकर्ताओं में नया उत्साह और ऊर्जा भर गया है।
कल बीजेपी नेता सुनील भराला ने लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भेंट की थी और एक दिन बाद जिस तरह से उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य बीजेपी नेता के आवास पर पहुंचे उससे ये साफ़ हो गया है कि सुनील भराला की पार्टी और संगठन में अच्छी पकड़ है
बीजेपी नेता सुनील भराला के पिता स्वर्गीय पंडित मलखान सिंह भारद्वाज जनसंघ से सरधना सीट से चुनाव भी लड़े थे, पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल विहारी वाजपेई भी उनके समर्थन में चुनाव प्रचार के लिए आये थे




