नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्रोजेक्ट की बड़ी अपडेट, अधिकारियों ने किया निरीक्षण

नोएडा: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के निर्माण कार्य अब अंतिम चरण में पहुंच गया है। यीडा और नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (नियाल) के सीईओ राकेश कुमार सिंह ने बुधवार को साइट का दौरा कर प्रगति का जायजा लिया।
उन्होंने टर्मिनल बिल्डिंग, रनवे, एटीसी टावर, साथ ही एसटीपी (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट) और वाटर ट्रीटमेंट प्लांट जैसे अहम हिस्सों की स्थिति की समीक्षा की।
सितंबर तक पूरा होगा निर्माण, मशीनें जुलाई में पहुंचेंगी
सीईओ राकेश कुमार सिंह ने बताया कि सितंबर 2025 तक एयरपोर्ट का पूरा निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि एसटीपी और वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का कार्य लगभग पूरा हो चुका है और जुलाई में जरूरी मशीनें साइट पर पहुंच जाएंगी। इस निरीक्षण के दौरान नियाल के नोडल अफसर शैलेंद्र भाटिया भी मौजूद रहे।
जिलाधिकारी ने दी निर्माण पर सख्ती के निर्देश
एयरपोर्ट परिसर में जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता में पर्यावरण प्रबंधन समिति की समीक्षा बैठक हुई।
उन्होंने निर्देश दिए कि एयरपोर्ट के 10 किलोमीटर के दायरे में बिना अनुमति हो रहे निर्माण कार्यों पर सख्त कार्रवाई की जाए।
साथ ही, विमानों की सुरक्षा के लिए बाधा नियंत्रण समिति (Obstacle Control Committee) गठन की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
सीओओ ने उठाए विमान सुरक्षा से जुड़े पर्यावरणीय मुद्दे
बैठक में यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्रा. लि. की सीओओ किरण जैन ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से बताया कि एयरपोर्ट के 10 किमी क्षेत्र में पक्षियों और जानवरों की उपस्थिति विमानों की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बन सकती है। उन्होंने इसे नियंत्रित करने के लिए ठोस कदम उठाने की जरूरत पर बल दिया।




