नोएडा साइबर फ्रॉड : ठगों को बैंक खाता देने वाला फर्म मालिक गिरफ्तार !

नोएडा: नोएडा साइबर क्राइम पुलिस ने हरियाणा के फरीदाबाद से एक ऐसे शख्स को गिरफ्तार किया है, जो साइबर ठगों को अपना बैंक खाता किराए पर देता था। आरोपी का नाम नितेश कुमार प्रसाद है और वह केवल 12वीं पास है।
दो प्रतिशत कमीशन पर दिया था बैंक खाता
नितेश ने इस साल की शुरुआत में पैकेजिंग के नाम पर एक फर्म खोली, और उसका चालू खाता कोटक महिंद्रा बैंक में खुलवाया। इसके बाद उसने यह खाता साइबर ठगों को दो प्रतिशत कमीशन पर दे दिया। खाते के जरिए कई राज्यों में हुई ठगी की रकम को ट्रांसफर किया गया।
नोएडा में 2.89 करोड़ की ठगी में हुआ था इस्तेमाल
इस खाते का इस्तेमाल नोएडा निवासी एक व्यक्ति से 2.89 करोड़ रुपये की ठगी में हुआ था। ठगों ने खुद को कोलकाता की “एबाट वेल्थ” कंपनी का कर्मचारी बताया और शेयर बाजार में निवेश पर 15% से अधिक मुनाफे का लालच देकर पैसे ट्रांसफर कराए।
कर्नाटक और ओडिशा की ठगी में भी लिंक
पुलिस जांच में सामने आया कि नितेश के खाते का इस्तेमाल कर्नाटक और ओडिशा में भी ठगी के लिए किया गया था। उसके खाते में 30 लाख रुपये आए थे, जिसमें से उसे लगभग 72,000 रुपये कमीशन मिला।
26 लाख रुपये बैंक खाते में फ्रीज
साइबर थाना प्रभारी रंजीत कुमार ने बताया कि ठगी की रकम में से 26 लाख रुपये फ्रीज कराए जा चुके हैं। पीड़ितों को यह पैसा वापस दिलाने की प्रक्रिया जारी है, और अदालत से आदेश लेकर जल्द ही यह रकम लौटाई जाएगी।
कई नामों और दस्तावेजों का खुलासा
एडीसीपी साइबर शैव्या गोयल के अनुसार, नितेश ने पूछताछ में कई अहम जानकारियाँ दी हैं। पुलिस को कुछ दस्तावेज और अन्य ठगों के नाम भी मिले हैं, जिनकी तलाश जारी है।




