नोएडा जिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड के लिए टोकन सिस्टम शुरू, 5 मिनट में मिली रिपोर्ट !

नोएडा : नोएडा के सेक्टर-39 स्थित जिला अस्पताल में अब अल्ट्रासाउंड के लिए लंबा इंतजार खत्म हो गया है। मंगलवार को टोकन व्यवस्था लागू होने के पहले ही दिन मरीजों को बड़ी राहत मिली।
185 मरीजों को मिली 5 मिनट में रिपोर्ट
सुबह से दोपहर 1:30 बजे तक कुल 185 मरीजों ने अल्ट्रासाउंड कराया। इनमें 168 ओपीडी के मरीज और 17 भर्ती गर्भवती महिलाएं शामिल थीं। अच्छी बात यह रही कि सभी मरीजों को महज 5 मिनट में रिपोर्ट मिल गई।
गर्भवती महिलाओं को मिली प्राथमिकता
सुरक्षा व्यवस्था के बीच गर्भवती महिलाओं को वरीयता देते हुए उन्हें केसरी रंग का टोकन दिया गया। महिला पुलिस और सुरक्षा गार्डों की मौजूदगी में उन्हें रेडियोलॉजिस्ट डॉ. जैनेंद्र झा के पास भेजा गया, जहां जांच हुई।
भ्रष्टाचार पर लगेगी लगाम, भीड़ से राहत
अस्पताल में यह भी चर्चा रही कि टोकन सिस्टम से दलाली और भ्रष्टाचार पर भी रोक लगेगी। साथ ही, मरीजों और तीमारदारों को भारी भीड़ और धक्का-मुक्की से भी राहत मिली।
टोकन वितरण का समय निर्धारित, सूचना स्पष्ट
अस्पताल प्रशासन ने अल्ट्रासाउंड सेंटर के पास नोटिस लगाकर टोकन वितरण का समय दोपहर 1:30 बजे तक बताया था। इसके बाद आए मरीजों को बुधवार सुबह आने की सलाह दी गई।
सुबह से दिखा अनुशासन, इलाज में मिली तेजी
सुबह 8 बजे से ही अस्पताल में पर्ची काउंटर पर लंबी कतारें लगी थीं। पर्ची मिलने के बाद मरीज ओपीडी में गए, जहां डॉक्टर से परामर्श के बाद उन्हें अल्ट्रासाउंड की सलाह दी गई।
अगले दिन मिलेगा हरे रंग का टोकन
कार्यवाहक सीएमएस डॉ. अजय राणा ने बताया कि टोकन व्यवस्था के पहले दिन सफलता मिली है। बुधवार को मरीजों को हरे रंग का टोकन मिलेगा। यह प्रणाली नियमित रूप से जारी रहेगी।




