ग्रेटर नोएडा: मुठभेड़ के बाद टप्पेबाज गिरोह का शातिर बदमाश गिरफ्तार

नोएडा: ग्रेटर नोएडा की थाना बिसरख पुलिस ने शुक्रवार को एक अंतरराज्यीय टप्पेबाज गिरोह के सक्रिय सदस्य को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अजय उर्फ टिंकू के रूप में हुई है, जो हरियाणा के फतेहाबाद जिले के भुना थाना क्षेत्र के बाल्मीकि मोहल्ला का रहने वाला है।
तमंचा, नकदी और चोरी की बाइक बरामद
पुलिस ने आरोपी के पास से एक देसी तमंचा, एक खोखा कारतूस, घटना में इस्तेमाल की गई बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल और 5,000 रुपये नकद जब्त किए हैं।
चेकिंग के दौरान हुआ मुठभेड़
एडीशनल डीसीपी सेंट्रल नोएडा ह्रदेश कठेरिया के अनुसार, बिसरख पुलिस टीम चिपियाना बुजुर्ग टी-प्वाइंट पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी, तभी सामने से एक संदिग्ध बाइक सवार आता दिखाई दिया। पुलिस ने जब रुकने का इशारा किया, तो वह भागने लगा और कंपनी की ओर बाइक मोड़ दी।
पुलिस पर की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में घायल
भागते हुए आरोपी की बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। अपने को घिरता देख उसने पुलिस पर गोली चला दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें अजय घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हरियाणा में पहले से हैं कई मुकदमे दर्ज
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, अजय उर्फ टिंकू के खिलाफ हरियाणा में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं और वह एक सक्रिय अंतरराज्यीय अपराधी है।
10 लाख की ठगी में भी शामिल था आरोपी
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि 1 जुलाई को उसने अपने साथियों लोकेश मिश्रा, पवन कुमार और संजीव कुमार के साथ मिलकर चेरी काउंटी पेट्रोल पंप के पास एक व्यक्ति से 10 लाख रुपये की ठगी की थी।
साथी पहले ही गिरफ्तार, अजय अब पकड़ा गया
इस मामले में पुलिस ने 5 जुलाई को अजय के तीनों साथियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। अजय तब से फरार चल रहा था, जिसे अब मुठभेड़ के बाद पकड़ा गया है।
गिरोह के अन्य सदस्यों पर भी शिकंजा कसने की तैयारी
पुलिस अब अजय से पूछताछ के आधार पर गिरोह के बाकी सदस्यों और नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है, ताकि पूरे गैंग पर कार्रवाई की जा सके।




