स्वास्थ्य बीमा पर लगने वाले जीएसटी को समाप्त करने की मांग, कोनरवा ने वित्त मंत्री को भेजा पत्र
नोएडा: कन्फेडरेशन ऑफ रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन (CONRWA) ने आज एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए माननीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को एक औपचारिक पत्र भेजा है, जिसमें स्वास्थ्य बीमा प्रीमियम पर लगने वाले 18% वस्तु एवं सेवा कर (GST) को पूर्णतः समाप्त करने की मांग की गई है।
कोनरवा अध्यक्ष श्री पी.एस. जैन द्वारा हस्ताक्षरित इस पत्र में बताया गया है कि किस प्रकार स्वास्थ्य सेवाओं और बीमा पर लगने वाला जीएसटी आम नागरिकों के लिए एक अतिरिक्त वित्तीय बोझ बन गया है। उन्होंने इस बात पर भी प्रकाश डाला कि चिकित्सा व्यय ही किसी भी व्यक्ति को आर्थिक रूप से कमजोर करने का सबसे बड़ा कारण है, और सरकार का यह नैतिक कर्तव्य है कि वह नागरिकों को सस्ती और सुलभ स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान करे।
पत्र में उल्लेख किया गया है कि GST परिषद ने 09 सितंबर 2024 को अपनी 54वीं बैठक में इस मुद्दे पर मंत्रियों के एक समूह (GoM) का गठन तो कर दिया था, लेकिन आज तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। ऐसे में यह विषय अनावश्यक रूप से लंबित बना हुआ है।
श्री जैन ने बताया कि जब सरकार का जीएसटी संग्रहण वर्ष 2024-25 में 22 लाख करोड़ रुपये से अधिक रहा है और लगातार 9.4% की वार्षिक वृद्धि दर से बढ़ रहा है, तब नागरिकों पर लगाए गए इस प्रकार के कर को समाप्त करना जनहित में आवश्यक है।
कोनरवा ने इस मांग के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को भी पत्र की प्रति प्रेषित की है।




