कोनरवा नोएडा चैप्टर का प्रतिनिधिमंडल नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी से मिला, नोएडा में पेड़ों की ऊंचाई को सीमित दायरे में रखने की मांग पर दो दिन बाद होगा काम शुरू

नोएडा : कोनरवा नोएडा चैप्टर का एक प्रतिनिधिमंडल आज नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी से मिला और शहर से संबंधित विभिन्न जनसमस्याओं पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक में कोनरवा के अध्यक्ष श्री पी.एस. जैन ने दिल्ली सरकार द्वारा जारी पेड़ों की ऊंचाई एवं छटाई संबंधी आदेश का हवाला देते हुए कहा कि नोएडा में भी पेड़ों की ऊंचाई को सीमित दायरे में रखा जाए तथा समय-समय पर उनकी छटाई नियमित रूप से कराई जाए। इस विषय पर ACEO सुश्री वंदना त्रिपाठी को बुलाकर शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
कोनरवा के महासचिव श्री राजीव गर्ग ने प्रस्ताव रखा कि नोएडा प्राधिकरण के सिविल, मेंटेनेंस, जल-सीवर और स्वास्थ्य विभागों को एक अधिकारी के नेतृत्व में समन्वित किया जाए, ताकि समस्याओं के समाधान में विभागीय टाल-मटोल खत्म हो और निवासियों को त्वरित राहत मिले।
संयोजक श्री बी.बी. बलेचा ने नोएडा को फ्री-होल्ड कराने का मुद्दा उठाया और बताया कि पूर्व में भी शासन को इस संबंध में प्रस्ताव भेजा गया था, जिसे दोबारा आगे बढ़ाने की आवश्यकता है।
श्री मदन लाल शर्मा ने सेक्टर-27 में लंबे समय से चली आ रही सीवर जाम एवं ओवरफ्लो की समस्या पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने बताया कि कई वर्षों से सीवर लाइन बदलने की मांग की जा रही है, परंतु अब तक कोई ठोस कार्यवाही नहीं हुई। इस पर मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
कुत्तों की समस्या पर सुप्रीम कोर्ट के आदेश का जिक्र करते हुए प्रतिनिधिमंडल ने त्वरित समाधान की मांग की, जिस पर मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने आश्वासन दिया कि जल्द ही आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने सभी मुद्दों पर गंभीरता से चर्चा की और शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया।




