आवारा कुत्ते को बचाने की वजह से महिला सब इंस्पेक्टर की बुलेट गाड़ी से टकराई, दर्दनाक मौत से सदमे में पुलिस विभाग

गाज़ियाबाद : राजधानी दिल्ली से सटे गाज़ियाबाद जनपद में देर रात हुई एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना ने पूरे पुलिस महकमे को सदमे में डाल दिया है। कविनगर थाने में तैनात महिला सब इंस्पेक्टर रिचा शर्मा की सड़क हादसे में असमय मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, देर रात सब इंस्पेक्टर रिचा शर्मा अपनी ड्यूटी पूरी करने के बाद बुलेट से लौट रही थीं। जैसे ही वे शास्त्री नगर इलाके के महिंद्रा एन्क्लेव के समीप पहुँचीं, अचानक सड़क पर एक आवारा कुत्ता आ गया। कुत्ते को बचाने के प्रयास में उनकी बुलेट अनियंत्रित होकर फिसल गई। इस हादसे में उनके सिर में गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत अस्पताल पहुँचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश के बावजूद मृत घोषित कर दिया।
मूल रूप से उत्तर प्रदेश के कानपुर नगर की रहने वाली रिचा शर्मा वर्ष 2023 बैच की युवा और प्रतिभाशाली अधिकारी थीं। वे गाज़ियाबाद में किराए के कमरे में रहकर अपनी ड्यूटी पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभा रही थीं। बेहद कम उम्र में उनका यूं असमय जाना पूरे पुलिस परिवार के लिए गहरा आघात है।
इस दुखद घटना ने न केवल पुलिस विभाग बल्कि पूरे समाज को झकझोर दिया है। हाल ही में आवारा कुत्तों को शेल्टर होम में रखने को लेकर सुप्रीम कोर्ट का आदेश चर्चा का विषय बना हुआ था। इस हादसे ने एक बार फिर आवारा कुत्तों की समस्या और जनसुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस अधिकारियों और सहकर्मियों ने सब इंस्पेक्टर रिचा शर्मा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है।




