सुपरटेक ईकोविलेज-1 में सुरक्षा व हाउसकीपिंग स्टाफ की हड़ताल, निवासियों की सुरक्षा पर संकट

ग्रेटर नोएडा वेस्ट: ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित सुपरटेक ईकोविलेज-1 में आज सुरक्षा गार्ड व हाउसकीपिंग कर्मचारियों ने वेतन न मिलने के विरोध में हड़ताल कर दी।
कर्मचारियों ने गेट नंबर 1 को पूरी तरह बंद कर दिया, जिससे सोसाइटी में आने-जाने वाले निवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कर्मचारियों का आरोप है कि ग्रैविटी एजेंसी ने पिछले दो महीनों से उनका वेतन जारी नहीं किया है, जिसके चलते उन्हें आर्थिक संकट झेलना पड़ रहा है।
निवासियों ने चिंता जताई है कि हड़ताल के कारण टावरों की सुरक्षा रामभरोसे हो गई है। सोसाइटी के परिवारों, बुजुर्गों और बच्चों की सुरक्षा खतरे में है। इसके बावजूद पुलिस व प्रशासन अब तक कोई ठोस समाधान निकालने में नाकाम रहे हैं।
निवासियों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर कर्मचारियों का वेतन दिलाने और सुरक्षा व्यवस्था बहाल करने की मांग की है, ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।




