निक्की की मौत ने किया सवाल, क्या हुनर और पहचान भी दहेज के सामने बेबस?

ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा के कासना कोतवाली क्षेत्र के सिरसा गांव में दहेज प्रथा की विभीषिका ने एक और बेटी की जान ले ली। निक्की, जो पेशे से मेकओवर आर्टिस्ट और सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर थीं, को ससुराल वालों ने पेट्रोल डालकर जिंदा जला दिया। शादी के नौ साल बाद भी लगातार दहेज की मांग और प्रताड़ना का शिकार होती रहीं।
पीड़िता निक्की को उनके पिता ने शादी में स्कॉर्पियो कार, गहने और नकद समेत कई सामान दिया था, लेकिन इसके बावजूद ससुराल वाले 35 लाख रुपये की अतिरिक्त मांग करते रहे। आरोप है कि मांग पूरी न होने पर पति विपिन, जेठ रोहित, सास दया और ससुर सतवीर ने निक्की को जिंदा जलाने की साजिश रची।
गंभीर रूप से झुलसी निक्की को पड़ोसियों की मदद से अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने मृतका की बहन कंचन व परिजनों के बयान के आधार पर पति विपिन, जेठ रोहित, सास दया और ससुर सतवीर पर हत्या, दहेज उत्पीड़न और साजिश रचने के आरोप में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
निक्की न केवल एक सफल मेकअप आर्टिस्ट थीं, बल्कि सोशल मीडिया पर भी उनकी पहचान थी। उनके इंस्टाग्राम पर 49 हजार से अधिक फॉलोअर्स थे। परिवार का कहना है कि पति विपिन का किसी दूसरी महिला के साथ अवैध संबंध था, जिसकी जानकारी निक्की को मिल गई थी और इसी कारण विवाद बढ़ गया।




