राष्ट्र निर्माण में योगदान पर मंथन, इंस्पायरिंग भारत संस्था ने आयोजित किया भव्य इंफ्लुएंसर मीट

ग्रेटर नोएडा – नॉलेज पार्क स्थित जीएल बजाज इंस्टीट्यूट में इंस्पायरिंग भारत संस्था द्वारा भव्य इंफ्लुएंसर मीट का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की थीम ‘नेशन फर्स्ट’ रही, जिसमें दिल्ली-एनसीआर के 140 से अधिक प्रमुख सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स ने शिरकत की।
इस अवसर पर आयोजित प्रथम पैनल चर्चा में विशेषज्ञों में नेह नीड संस्था के संस्थापक कन्हैया लाल, दधीचि देहदान समिति से राकेश अग्रवाल, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से पदम प्रकाश, हरित क्रांति संस्थान के संस्थापक रविन्द्र गुप्ता और इंस्पायरिंग भारत के सदस्य धीरज त्रिपाठी शामिल रहे। सभी अतिथियों ने जमीनी स्तर पर उनके द्वारा किए जा रहे सामाजिक परिवर्तन और समाज जागरूकता का कार्य पर अपने विचार रखे।
नेह नीड के संस्थापक ने कहा कि अभावग्रस्त बच्चों को इतना शिक्षित करना है कि वे अपने समाज में जाकर परिवर्तन ला सकें। राकेश अग्रवाल ने कहा कि अंगदान और देहदान के लिए समाज को आगे आना होगा, जिससे प्रतिदिन अंगों के अभाव में जान गंवाने वाले लाखों लोगों को बचाया जा सके। पदम सिंह ने हिंदी संवर्धन के लिए सोशल मीडिया योद्धाओं को प्रेरित किया और डिजिटल युग में सोशल मीडिया हस्तियों की राष्ट्र निर्माण में अहम भूमिका पर जोर दिया।
संसद टीवी के संपादक श्याम किशोर सहाय ने अपनी मुख्य चर्चा में भारत प्रथम को केंद्र में रखा और कहा कि राष्ट्र प्रथम की भावना को मजबूत करने के लिए इंफ्लुएंसर समाज को सकारात्मक दिशा प्रदान कर सकते हैं। मेरठ के सोशल मीडिया प्रमुख पंकज शर्मा, इन्फ्लुएंसर विपिन कोटल, ट्रिकी मेन से पीयूष, गुजरात से आए सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर हार्दिक और अंकित भाटी (रोजगार विथ अंकित) भी कार्यक्रम का हिस्सा बने। उन्होंने गांवों में पुस्तकालय खोलने और युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने के प्रयासों पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए क्षेत्र प्रचार प्रमुख पदम सिंह ने कहा, “जब भारत, भारत के लिए जीता है तो विश्वगुरु बनता है। भारत विश्वगुरु था और रहेगा। यदि दुनिया को अंधकार से बचाना है तो अध्यात्म का सहारा लेना होगा और उसके लिए भारत का अस्तित्व आवश्यक है। लेखनी से हम भारत को उस स्वरूप में दिखाना चाहते हैं, जहाँ से दुनिया को प्रकाश और मार्गदर्शन मिलता है। आज आवश्यकता है कि सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर मिलकर कार्य करें और राष्ट्र के नव निर्माण में अपनी सामूहिक शक्ति का योगदान दें।”
इस मौके पर सुप्रसिद्ध वैज्ञानिक आर.के. कोटनाला ने जीरो कार्बन के क्षेत्र में किए गए अपने शोध और हाइड्रो इलेक्ट्रिक सेल की पद्धति को समझाते हुए ऊर्जा संवर्धन के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में युवाओं को सोशल मीडिया की शक्ति का जिम्मेदारी और देशहित में प्रयोग करने का संदेश दिया गया। समापन अवसर पर शामिल इंफ्लुएंसर्स को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन डॉक्टर शिल्पी पोरवाल और अनिकेश मणि त्रिपाठी द्वारा किया गया।




