दिल्ली-एनसीआर में राष्ट्र निर्माण हेतु सक्रिय पत्रकारिता के लिए फेडरल भारत सम्मानित, संस्थापक आशीष गुप्ता को मिला अवार्ड

ग्रेटर नोएडा : इंस्पायरिंग भारत संस्था द्वारा नॉलेज पार्क स्थित जीएल बजाज इंस्टीट्यूट में आयोजित भव्य इंफ्लुएंसर मीट में फेडरल भारत के संस्थापक एवं वरिष्ठ पत्रकार आशिष गुप्ता को सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में सक्रिय पत्रकारिता और मीडिया के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में दिए जा रहे विशेष योगदान के लिए प्रदान किया गया।
कार्यक्रम की थीम “नेशन फर्स्ट” रही, जिसमें दिल्ली-एनसीआर सहित देशभर के 140 से अधिक प्रमुख सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स ने भाग लिया। इस अवसर पर आयोजित पैनल चर्चा और मुख्य सत्रों में समाज में सकारात्मक बदलाव, शिक्षा, अंगदान-देहदान, हिंदी संवर्धन, ऊर्जा संवर्धन और युवाओं की भूमिका जैसे विषयों पर गहन मंथन हुआ।
सम्मान ग्रहण करते हुए श्री आशीष गुप्ता ने कहा कि—
“मीडिया का दायित्व केवल खबरें दिखाना नहीं है, बल्कि समाज को सही दिशा देना भी है। फेडरल भारत का उद्देश्य हमेशा राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ कार्य करना रहा है। यह सम्मान हमारी पूरी टीम के लिए प्रेरणा है कि हम और अधिक जिम्मेदारी के साथ राष्ट्रहित और समाजहित में पत्रकारिता करें।”
कार्यक्रम में सुप्रसिद्ध वैज्ञानिक आर.के. कोटनाला, संसद टीवी के संपादक श्याम किशोर सहाय, विभिन्न सामाजिक संस्थानों के प्रतिनिधि और देशभर से आए सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर शामिल रहे। समापन अवसर पर सभी प्रतिभागियों और इंफ्लुएंसर्स को सम्मानित भी किया गया।




