गोरखपुर NEET छात्र हत्याकांड: 1 लाख का इनामी जुबेर कालिया रामपुर में मुठभेड़ में ढेर, दो पुलिसकर्मी घायल

नोएडा: गोरखपुर में NEET की तैयारी कर रहे छात्र दीपक गुप्ता की हत्या के मुख्य आरोपी और एक लाख रुपये के इनामी बदमाश जुबेर उर्फ कालिया को पुलिस ने बीती रात एक मुठभेड़ में मार गिराया। यह मुठभेड़ रामपुर जनपद के गंज थाना क्षेत्र में हुई, जिसकी अगुवाई सीओ जितेंद्र कुमार सरगम ने की।
पुलिस की कार्रवाई के दौरान दोनों ओर से गोलियां चलीं, जिसमें दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। घायल पुलिसकर्मियों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
जुबेर कालिया पिछले कई महीनों से फरार था और उस पर उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा ₹1,00,000 का इनाम घोषित किया गया था। वह गोरखपुर में 19 वर्षीय NEET छात्र दीपक गुप्ता की गोली मारकर हत्या के मामले में मुख्य आरोपी था।
घटना के बाद से ही जुबेर की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही थीं। गुप्त सूचना के आधार पर रामपुर पुलिस को उसकी लोकेशन मिली, जिसके बाद उसे पकड़ने के लिए घेराबंदी की गई और अंततः मुठभेड़ में वह मारा गया।
पुलिस ने मौके से हथियार और अन्य आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की है। आगे की जांच जारी है।
रामपुर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि यह एक बड़ी कामयाबी है और इससे अपराधियों में भय और आमजन में विश्वास और मजबूत होगा।




