Greater Noida: गलत इंजेक्शन देने से नवजात का खराब होने की कगार पर पहुंचा हाथ, सपा ने दी आंदोलन की चेतावनी
चिटहेरा निवासी शिवम भाटी की पत्नी को प्रसव पीड़ा होने पर पांच अक्तूबर को नवीन अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

ग्रेटर नोएडा के दादरी स्थित नर्सिग होम के डॉक्टरों पर एक नवजात के हाथ को खराब करने का आरोप लगा है। ग़लत इंजेक्शन लगाने की वजह से उसका हाथ नीला पड़ता चला गया। अब हाथ पूरी तरह डेमेज होने के कगार पर पहुंच गया है। आरोप है कि हाथ को चेक कराने के बहाने उसे डॉक्टरों ने दूसरे अस्पताल के लिए बिना बताए रेफर कर दिया। मामले की शिकायत दादरी कोतवाली पुलिस से की गई है। पुलिस ने जांच के लिए सीएमओ को पत्र लिखा है।
जानकारी के अनुसार, चिटहेरा निवासी शिवम भाटी की पत्नी को प्रसव पीड़ा होने पर पांच अक्तूबर को नवीन अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शिवम के बेटी पैदा होने पर डॉक्टरों ने गोपाल नर्सिंग होम में भेज दिया। उन्हें बताया गया कि बच्ची का वजन कम है। नर्सिंग होम में नर्सरी की सुविधा मौजूद है। बताया गया है कि बेबी वार्ड में तैनात डॉक्टरों ने उसके गलत इंजेक्शन लगा दिया। जिससे नवजात का हाथ नीला पड़ता चला गया। डॉक्टरों ने उन्हें हाथ जल्द ठीक होने का आश्वासन दिया। लेकिन उसके बाद भी कोई आराम नहीं हुआ।
शिवम ने बताया कि हाथ सुखने लगा है। साथ ही हडिडयां तक दिखाई देनी लगी है। आरोप है कि नर्सिंग होम के डॉक्टरों ने नवजात को चेक कराने के बहाने दूसरे अस्तपाल भेज दिया। जहां डॉक्टरों ने उसे भर्ती कर लिया। अब इस मामले में समाजवादी पार्टी आगे आई है। समाजवादी पार्टी के नेता मोहित नागर ने बताया कि जिला प्रशासन से आरोपी डॉक्टरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है। रविवार तक इस मामले में डॉक्टरों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होती है तो गोपाल नर्सिंग होम पर धरना प्रदर्शन किया जाएगा।




