दोहरे हत्याकांड मामले में पुलिस मुख्यालय पर प्रदर्शन, कमिश्नर ने दिया जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन
आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सैंथली गांव के लोग सूरजपुर स्थित पुलिस मुख्यालय पहुंचे।

सैंथली गांव में ताऊ-भतीजे की हत्या के मामले में मुख्य आरोपी समेत अन्य की गिरफ्तारी न होने से नाराज लोगों का गुस्सा शुक्रवार को फूट पड़ा। विरोध में लोगों ने सूरजपुर स्थित पुलिस मुख्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। परिजनों ने जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तार करने की मांग की है। पुलिस कमिश्नर ने जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है।
बता दें कि, दिवाली के दिन नाली के पानी की निकासी के विवाद में लोगों पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दी गई थी। गोली लगने से 21 वर्षीय दीपांशु भाटी और 55 वर्षीय अजयपाल भाटी की मौत हो गई थी। बीच—बचाव में आए राजीव और सतपाल भी घायल हो गए। हालांकि, पुलिस ने कोट गांव निवासी निखिल को गिरफ्तार कर वीरवार को जेल भेजा था, जबकि मुख्य आरोपी प्रिंस भाटी और उसका भाई जितेंद्र, बॉबी तोमर, मनोज नागर आदि पुलिस की गिरफ्तार से फरार है।
आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सैंथली गांव के लोग सूरजपुर स्थित पुलिस मुख्यालय पहुंचे। अपनी मांगों को लेकर उन्होंने प्रदर्शन किया। मुख्यालय परिसर में धरने पर बैठ गए। वह पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी से मुलाकात करने की जिद्द पर अड़ गए। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने पीड़ित परिजनों से मुलाकात की। साथ ही उन्होंने जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया। पुलिस कमिश्नर से आश्वासन मिलने के बाद वह शांत हुए और प्रदर्शन समाप्त किया।


