एनसीआर में प्रदूषण रोकने के लिए दिल्ली के मुनिसिपल टोल हटाए जाएं, कोनरवा ने दिल्ली की मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर कर डाली मांग

नोएडा : कंफेडरेशन ऑफ आरडब्ल्यूएज़ (CONRWA) के अध्यक्ष पी.एस. जैन ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को पत्र लिखकर राजधानी दिल्ली में लगे मुनिसिपल टोल को तुरंत समाप्त करने की मांग की है।
जैन ने अपने पत्र में कहा है कि दिल्ली के लगभग सभी बॉर्डर पॉइंट्स पर मुनिसिपल टोल की वसूली के कारण वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं, जिससे न केवल भारी ट्रैफिक जाम होता है बल्कि वाहनों से अत्यधिक प्रदूषण भी फैलता है। यह स्थिति आम नागरिकों के स्वास्थ्य, समय और आर्थिक संसाधनों पर प्रतिकूल प्रभाव डाल रही है।
उन्होंने कहा कि “सिर्फ दिल्ली में ही मुनिसिपल टैक्स वसूला जा रहा है जबकि एनसीआर के अन्य शहरों — नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम, फरीदाबाद आदि में ऐसा कोई टैक्स नहीं है। इससे दिल्ली में प्रवेश करने वाले लाखों यात्रियों को प्रतिदिन कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।”
कोनरवा अध्यक्ष ने सुझाव दिया कि दिल्ली सरकार को मुनिसिपल टोल टैक्स को पूर्णतः समाप्त करना चाहिए,
यदि यह संभव न हो तो टैक्सी एवं यात्री वाहनों को टोल की परिधि से स्थायी रूप से बाहर रखा जाए,
और वर्तमान में बढ़ते प्रदूषण के मद्देनज़र कम से कम तीन माह के लिए टोल वसूली को निलंबित किया जाए।
श्री जैन ने कहा कि “जनहित को ध्यान में रखकर यह निर्णय लिया जाएगा तो यह न केवल प्रदूषण कम करने में सहायक होगा बल्कि सरकार की छवि जनता के बीच और मजबूत होगी।”




