Noida International Airport पर सफलतापूर्वक उतरी पहली कैलिब्रेशन फ़्लाइट, गौतमबुद्धनगर नगर के विकास में मील का पत्थर साबित होगी ये उपलब्धि

ग्रेटर नोएडा: नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट (Jewar Airport) पर आज पहली कैलिब्रेशन फ़्लाइट सफलतापूर्वक उतरकर प्रदेश और ज़ेवर क्षेत्र के विकास में एक ऐतिहासिक मील का पत्थर साबित हुआ। यह फ़्लाइट एयरपोर्ट के सभी नेविगेशन और संचार उपकरणों की सटीकता की जांच के लिए संचालित की गई, जो एयरपोर्ट संचालन की अंतिम प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
कैलिब्रेशन फ़्लाइट का मुख्य उद्देश्य एयरपोर्ट के रडार, नेविगेशन सिस्टम, वीज़ुअल मार्गदर्शन और संचार उपकरणों की शुद्धता सुनिश्चित करना है। यह प्रक्रिया यह सुनिश्चित करती है कि हवाई यातायात संचालन सुरक्षित और सुचारु तरीके से हो।
गौतमबुद्धनगर और उत्तर प्रदेश के विकास में नया अध्याय
नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट परियोजना ज़ेवर को उत्तर भारत का एक प्रमुख अंतरराष्ट्रीय एविएशन हब बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। यह एयरपोर्ट प्रदेश में वैश्विक निवेश, पर्यटन और रोजगार के अवसर बढ़ाने में भी अहम भूमिका निभाएगा।
यह एयरपोर्ट ज़ेवर और आस-पास के क्षेत्रों में इन्फ्रास्ट्रक्चर और लॉजिस्टिक विकास को गति देगा। स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
भारत के एयरपोर्ट इन्फ्रास्ट्रक्चर में नया कीर्तिमान
नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का पहला चरण लगभग 1,334 हेक्टेयर भूमि में विकसित किया जा रहा है। इसके पूर्ण संचालन से दिल्ली-NCR क्षेत्र में हवाई यातायात दबाव कम होगा और यह एयरपोर्ट प्रति वर्ष करोड़ों यात्रियों को सेवा प्रदान करेगा।




