Greater Noida: आम्रपाली आदर्श आवास योजना के खरीदारों ने किया प्रदर्शन, एनबीसीसी पर लगाए गंभीर आरोप
गुस्साए फ्लैट खरीदारों ने करीब चार घंटे तक एनबीसीसी के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया।

ग्रेटर नोएडा वेस्ट की आम्रपाली लेजर वैली के आम्रपाली आदर्श आवास योजना के सैकड़ों घर खरीदारों ने शनिवार को निर्माणाधीन प्रोजेक्ट के बाहर प्रदर्शन किया। एनबीसीसी पर फ्लैट्स सौंपने की बार-बार तय समय में पूरा न करने का आरोप लगाया है।
गुस्साए फ्लैट खरीदारों ने करीब चार घंटे तक एनबीसीसी के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। घर खरीदारों ने बताया कि 2019 में सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद आम्रपाली समूह की सभी परियोजना का निर्माण एनबीसीसी को करना था। जिसके बाद 2020 में इस प्रोजेक्ट पर काम शुरू किया, लेकिन निर्माण कार्य की रफ्तार धीमी रही। एनबीसीसी ने सुप्रीम कोर्ट को आश्वासन दिया था कि आम्रपाली प्रोजेक्ट्स में 22,000 फ्लैट्स 2024 के अंत तक पूरे हो जाएंगे। जिसमें आदर्श आवास योजना के नाम से बन रहे कुल 1904 फ्लैट को मार्च 2025 में हैंडओवर के लिए समय निर्धारित किया गया था।
लेकिन अभी तक प्रोजेक्ट पूरा नहीं किया गया है। घर खरीदारों का कहना है कि जिस रफ्तार से निर्माण कार्य किया जा रहा है। उसमें डेढ साल ओर लग सकता है। आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान खरीदारों से मिलने के लिए कोई भी अधिकारी नहीं पहुंचा।



