निम्स अस्पताल से गायब बुजुर्ग का परिसर में मिला शव, अस्पताल प्रबंधन का आया बयान सामने
जेवर के भटपुरा मोहल्ला निवासी 85 वर्षीय शहिद कुरैशी अपनी पत्नी चमन के साथ 31 अक्टूबर को निम्स अस्पताल में भर्ती हुए थे।

दनकौर के निम्स अस्पताल से गायब हुए बुजुर्ग का शव मिला है। वह अचानक मंगलवार को अस्पताल से गायब हो गए थे। वह उपचार के लिए निम्स में अपनी पत्नी के साथ गए थे। मृतक के परिजनों ने अस्पताल के कर्मियों पर लापरवाही का आरोप लगाकर पुलिस में रिपोर्ट की है।
जेवर के भटपुरा मोहल्ला निवासी 85 वर्षीय शहिद कुरैशी अपनी पत्नी चमन के साथ 31 अक्टूबर को निम्स अस्पताल में भर्ती हुए थे। अस्पताल प्रबंधन की तरफ से कैंप लगाया गया था। जिसके बाद दोनों उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती हुए थे। अब चार नवम्बर को वह अचानक अस्पताल से गायब हो गए। उनके बेटे की तहरीर पर पुलिस ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की। लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लग सका।
पांच नवम्बर को गुमशुदगी दर्ज कर दनकौर कोतवाली पुलिस ने उनकी तलाश शुरू की। मृतक की पत्नी पति के गायब होने तक अस्पताल में अपना इलाज कर रही थी। गुमशुदगी दर्ज होने के बाद पुलिस और परिजन गुमशुदा व्यक्ति की तलाश कर रहे थे। सीसीटीवी कैमरों की सहायता से जांच कर पुलिस को वह तीसरी मंजिल के पास शौचालय जाते हुए दिखाई दिए। उसके बाद उनका शव मिला। उधर, अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि शहिद को तीन नवम्बर को डिस्चार्ज कर दिया गया। मरीज अस्पताल में गलत तरीके से रह रहा था। दनकौर कोतवाल मुनेद्र सिंह ने बताया कि वह मानसिक रुप से परेशान थे।




