रेकी और अपराधिक वारदात को अंजाम देने के लिए बदल लेते थे नंबर प्लेट, सुराग मिलते ही हुए गिरफ्तार
एडीसीपी सुमित कुमार शुक्ला ने बताया कि यह गिरोह पहले रेकी किया करता था।

सेक्टर-24 कोतवाली पुलिस ने घरों में चोरी करने वाले एक गिरोह का खुलासा किया है। पकड़े गए आरोपी से पूछताछ के बाद एक सुनार को भी गिरफ्तार किया गया है। नौंवी फेल सुनार चोरी के आभूषण को कम दरों पर खरीदा करता था। पुलिस अभी इस गिरोह के अन्य सदस्य की तलाश कर रही है। यह गिरोह बड़े ही शातिर तरीके से चोरी की वारदातों को अंजाम दिया करता था।
एडीसीपी सुमित कुमार शुक्ला ने बताया कि यह गिरोह पहले रेकी किया करता था। मुख्य आरोपी समेत तीन को गिरफ्तार किया गया है। जिनमें बुलंदशहर के डिबाई निवासी गोपाल, दिल्ली के कल्याणपुरी के पप्पू उर्फ रामजी और मुकेश उर्फ टीटू को गिरफ्तार किया है। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वह वारदात के दौरान कार की नंबर प्लेट बदल देते थे। कोई टोकता था तो कहते थे कि रूम तलाश रहे हैं।
पुलिस ने उनकी कार से लाखों के आभूषण, महंगी घड़ियां और अन्य सामान बरामद किया है। घरों में आए दिन होने वाली चोरी की वारदातों को देखते हुए सीसीटीवी फुटेज के जरिए चोरों की तलाश की जा रही थी।




