Noida: दो युवतियों ने सात जन्मों का निभाने का किया वादा, शादी से पहले ही हनीमून का झांसा देकर लाखों हड़प कर हुई फरार
भनौता खेड़ा गांव निवासी विकल सिंह के फोन पर कुछ माह पहले कॉल आई। कॉल करने वाली दो युवतियों ने अपना नाम विनीक्षा और खुशी बताया और खुद को शादी के लिए इच्छुक बताया।

शादी करने का लालच एक 51 वर्षीय व्यक्ति को काफी महंगा साबित हुआ है। पहले उसे प्रेमजाल में फंसाया गया और फिर उसे शादी का झांसा दिया गया। शादी के चक्कर में दो युवतियों ने उसे पांच लाख से अधिक की ठगी कर ली। पैसों हड़पने के बाद दोनों ही युवती फरार हो गई। पीड़ित की तहरीर पर कासना कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांंच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
जानकारी के अनुसार, भनौता खेड़ा गांव निवासी विकल सिंह के फोन पर कुछ माह पहले कॉल आई। कॉल करने वाली दो युवतियों ने अपना नाम विनीक्षा और खुशी बताया और खुद को शादी के लिए इच्छुक बताया। लगातार दोनों उनसे बातें करने लगी। मीठी—मीठी बातें कर दोनों युवतियों ने उनका भरोसा जीत लिया। साथ ही उनसे ऑनलाइन 50 हजार रुपये भी ले लिए। इसके बाद आरोपियों ने शादी के बाद गोवा घूमने ले जाने का लालच दिया। पांच लाख रुपये लेकर कासना स्थित निहाल दे मंदिर बुलाया।
विकल सिंह 29 नवंबर को पैसे लेकर पहुंच गया। जहां पहले से ही दोनों युवतियां मौजूद थीं। बातचीत के दौरान ही दो युवक भी वहां पहुंचे और चारों ने मिलकर पीड़ित से मारपीट कर पांच लाख रुपये छीन लिए। विरोध करने पर उन्होंने मोबाइल कॉल की रिकॉर्डिंग इंटरनेट पर वायरल करने की धमकी भी दी। बदनामी के डर से विकल सिंह कई दिनों तक चुप रहे, लेकिन परिजनों ने पैसों का हिसाब पूछा तो उन्होंने आपबीती बताई।




