Greater Noida: देविका गोल्ड होम्स सोसाइटी निवासियों की हुई बड़ी जीत, बिल्डर और प्राधिकरण को करानी होगी तीन माह में रजिस्ट्री
निवासियों में खुशी की लहर, पूरे गौतम बुद्ध नगर में इस तरह से फंसी हुई सोसाइटियों के लिए मिला एक रास्ता

ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित देविका गोल्ड होम्स सोसाइटी की रजिस्ट्री का रास्ता साफ हो गया है। सोसाइटी निवासी दीपक दूबे के नेतृत्व में निवासियों ने इलाहाबाद हाईकोर्ट दिसंबर माह में डाली गई याचिका पर सुनवाई करते हुए ऐतिहासिक फैसला दिया है। हाईकोर्ट ने अपने फैसले में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण और बिल्डर को तीन माह के अंदर रजिस्ट्री करने का आदेश दिया है।
निवासी दीपक दूबे ने कहा कि वह बीते छह साल से सोसाइटी में रह रहे है और बिल्डर को फ्लैट का पूरा पैसा भी दे चुके है। प्राधिकरण और बिल्डर को कई पत्र लिखे गए लेकिन आज तक तय सुविधाएं नहीं दी गई है। जबकि बिल्डर प्राधिकरण को पैसा नहीं दे रहा। उन्होंने कहा कि इसमें बॉयर्स को बेवजह परेशान किया जा रहा है। इसकी वजह से आज भी जिले की सैकड़ों सोसाइटी के घर खरीददार फंसे हुए है और रजिस्ट्री की राह देख रहे हैं। ऐसे में हाईकोर्ट का यह फैसला सभी के लिए बहुत ही संतोष एवं उत्साह देने वाला है।
नेफोमा अध्यक्ष अन्नू खान ने बताया यह फैसला ऐतिहासिक है। यह फैसला उन हजारों फ्लैट बायर्स के लिए नजीर होगा जो अपनी सोसाइटी में रजिस्ट्री मालिकाना हक और मूलभूत सुविधाओं के लिए लड़ रहे हैं। पिछले एक दशक से ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण और बिल्डर के नेक्सस में घर खरीदार फंसे हुए है।


