Greater Noida: जी-राम-जी के विरोध में उतरे कांग्रेसी, कलेक्ट्रेट पर किया अनशन
अनशन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं, पंचायत प्रतिनिधियों, ग्रामीण मजदूरों और आम लोगों ने भी हिस्सा लिया। जिला अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला ने कहा कि मनरेगा देश के करोड़ों गरीब ग्रामीण परिवारों को सम्मान के साथ रोजगार देने वाला कानून है, जिसे कांग्रेस पार्टी ने लागू किया था।

कांग्रेसी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार पर मनरेगा के मूल अनुसार स्वरूप को बदलकर साजिश के तहत जी-राम-जी में परिवर्तित करने का आरोप लगाकर सूरजपुर स्थित कलेक्ट्रेट में रविवार को एक दिवसीय अनशन किया। अनशन का नेतृत्व जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला ने किया।
अनशन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं, पंचायत प्रतिनिधियों, ग्रामीण मजदूरों और आम लोगों ने भी हिस्सा लिया। जिला अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला ने कहा कि मनरेगा देश के करोड़ों गरीब ग्रामीण परिवारों को सम्मान के साथ रोजगार देने वाला कानून है, जिसे कांग्रेस पार्टी ने लागू किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार मनरेगा को नाम बदलकर, नियमों में बदलाव कर और नई प्रणाली जी-राम-जी के माध्यम से उसकी आत्मा को खत्म करना चाहती है।
दीपक चोटीवाला ने कहा नाम बदलने से गरीबी नहीं मिटती, लेकिन अधिकार छीने जरूर जाते हैं। जी-राम-जी के नाम पर मनरेगा की रोजगार गारंटी को समाप्त करने का प्रयास कांग्रेस कभी सफल नहीं होने देगी। जी-राम-जी के तहत कार्य की अनिवार्यता, मजदूरी भुगतान प्रणाली और मांग आधारित रोजगार व्यवस्था को कमजोर किया जा रहा है, जिससे ग्रामीण मजदूरों को रोजगार मिलना कठिन हो गया है। यह सीधे-सीधे मनरेगा कानून का उल्लंघन है।
अनशन के माध्यम से केंद्र सरकार से प्रमुख मांगों के क्रम में हुंकार भरते हुए कहा कि जी-राम-जी व्यवस्था को तत्काल समाप्त किया जाए, मनरेगा को उसके मूल स्वरूप और नाम के साथ बहाल किया जाए, रोजगार की कानूनी गारंटी सुनिश्चित की जाए, मजदूरी भुगतान में देरी बंद की जाए, मनरेगा बजट में कटौती समाप्त की जाए, कार्यक्रम के अंत में जिला प्रशासन के माध्यम से उपजिलाधिकारी को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा है।
अनशन के दौरान रण सिंह प्रधान, दुष्यंत नागर, सूबेदार सतपाल सिंह, तीरथराम बाल्मीकि, संदीप नागर, हरेन्द्र शर्मा, धर्मबीर सिंह, सीमा चौधरी, श्रुति कुमारी, नीरज लोहिया, कपिल भाटी, चरण सिंह, किशन शर्मा, निशा शर्मा, रिज़वान चौधरी, सतीश शर्मा, धर्म सिंह, अरुण गुर्जर, बिन्नू भाटी आदि मौजूद रहे।




