Greater Noida: पिलर की खुदाई के दौरान भरभरा कर गिरा मकान का हिस्सा, मलबे में दबा मजदूर घायल
मामूरा गांव में एक पिलर के लिए गहरा गड्ढा खोदा जा रहा है। खुदाई काफी गहरी होने के कारण बगल में बने पुराने मकान की नींव कमजोर हो गई और मकान का एक हिस्सा अचानक भरभरा कर गिर पड़ा।

फेज-3 कोतवाली क्षेत्र में सेक्टर-66 स्थित मामूरा गांव में सोमवार को एक बड़ा हादसा टल गया। यहां एक निर्माण कार्य के दौरान मकान का एक हिस्सा ढह गया। जिसमें दबकर एक मजदूर घायल हो गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बचाव अभियान चलाया। वहीं, घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, मामूरा गांव में एक पिलर के लिए गहरा गड्ढा खोदा जा रहा है। खुदाई काफी गहरी होने के कारण बगल में बने पुराने मकान की नींव कमजोर हो गई और मकान का एक हिस्सा अचानक भरभरा कर गिर पड़ा। इस घटना में वहां काम कर रहा एक मजदूर उसकी चपेट में आ गया। वह मूलरुप से बिहार का रहने वाला महबूब अख्तर है। दीवार गिरने के कारण मलबे की चपेट में आने से वह गंभीर रुप से घायल हो गया। उसे तुरंत उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। आनन—फानन में मौके पर लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रण कर लिया। पुलिस द्वारा मामले में आवश्यक कानूनी कार्यवाही की जा रही है।




