चलती स्कूल बस बनी आग का गोला! लोनी में बच्चों से भरी बस में भीषण आग, 35 बच्चों की जान बाल-बाल बची

ग़ाज़ियाबाद – ग़ाज़ियाबाद के लोनी इलाके में बुधवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब स्कूली बच्चों से भरी एक बस अचानक आग का गोला बन गई। इंद्रपुरी स्थित शनि मंदिर के पास हुई इस घटना में बस में सवार करीब 30 से 35 स्कूली बच्चों की जान खतरे में पड़ गई, लेकिन चालक, सहायक और स्थानीय लोगों की सतर्कता से सभी बच्चों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
घटना के समय बस दिल्ली पब्लिक वर्ल्ड स्कूल, सुभानपुर की बताई जा रही है, जिस पर स्कूल का नाम और संपर्क नंबर अंकित था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस चलते-चलते अचानक धुएं से भर गई और देखते ही देखते उसमें भीषण आग लग गई। आग लगते ही बच्चों में चीख-पुकार मच गई और सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
बस चालक रणवीर सिंह ने बताया कि बस में लगे गैस सिलेंडरों में अचानक आग लग गई, जिससे बस बीच रास्ते में ही बंद हो गई। कुछ ही पलों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए चालक और सहायक ने तुरंत बच्चों को बाहर निकालना शुरू किया। स्थानीय लोगों ने भी बिना देर किए मदद की और बस के कंडक्टर साइड का शीशा तोड़कर सबमर्सिबल पंप की मदद से पानी डालते हुए आग पर काबू पाने का प्रयास किया।
घटना के समय बस में चालक रणवीर सिंह के अलावा सहायक आकाश और रेणुका भी मौजूद थे। गनीमत रही कि सभी सुरक्षित हैं, हालांकि बस पूरी तरह से आग की चपेट में आकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
इस घटना ने एक बार फिर स्कूल वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। गैस सिलेंडर से चलने वाली स्कूल बसें, नियमित तकनीकी जांच की कमी और बच्चों की सुरक्षा को लेकर लापरवाही अब चिंता का विषय बनती जा रही है। राहत की बात सिर्फ इतनी रही कि समय रहते बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, वरना यह हादसा एक बड़ी त्रासदी में बदल सकता था।
फिलहाल पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हैं और यह पता लगाया जा रहा है कि बस में सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं।




