नोएडा में हड़कंप: शिव नादर स्कूल को फिर मिली बम से उड़ाने की धमकी, स्कूल बंद

नोएडा – नोएडा स्थित शिव नादर स्कूल को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिलने से सनसनी फैल गई। स्कूल को शुक्रवार सुबह ई-मेल के माध्यम से धमकी मिली, जिसके बाद स्कूल प्रशासन ने तत्काल एहतियाती कदम उठाते हुए स्कूल को बंद रखने का निर्णय लिया।
स्कूल प्रबंधन ने बच्चों के अभिभावकों को ई-मेल भेजकर स्थिति की जानकारी दी। ई-मेल में बताया गया कि जो छात्र स्कूल बसों के माध्यम से पहले ही स्कूल पहुंच चुके थे, उन्हें पूरी सुरक्षा के साथ वापस उनके घर भेजा जा रहा है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी शिव नादर स्कूल को इसी प्रकार की धमकियां मिल चुकी हैं। स्कूल नोएडा के थाना एक्सप्रेसवे क्षेत्र में स्थित है। धमकी की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं और मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी गई है।
फिलहाल किसी भी तरह की अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। सुरक्षा को देखते हुए आसपास के क्षेत्र पर नजर रखी जा रही है और जांच जारी है।




