नोएडा में बारिश ने बढ़ाई ठिठुरन, जानिए आने वाले दिनों में मौसम का हाल

नोएडा – नोएडा में शुक्रवार सुबह से तेज हवा के साथ हुई बारिश ने ठिठुरन बढ़ाई है। एक तरफ जहां लोग बिस्तर से निकलने की हिम्मत नहीं जुटा पाए, वहीं, स्कूली बच्चों की भी छूट्टी हो गई। पिछले दो दिनों से निकली धूप के बाद शुक्रवार को कड़ाके की ठंड से मौसम बदल गया। बारिश होने से दिल्ली एनसीआर में वायु प्रदूषण भी कम होता दिखाई दे रहा है। हालांकि हवा चलने से सुबह से ठंड का एहसास है।
बता दें कि, पहाड़ों पर पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव होने से बारिश और ठंड हवाओं ने लोगों को अपनी चपेट में लिया है। वसंत पंचमी के दिन हुई बारिश और बर्फीली हवा की वजह से वाहनों की रफ्तार में ब्रेक लगा है। हालांकि ठंड बढ़ने के साथ-साथ लोगों को प्रदूषण से राहत मिलने की भी उम्मीद भी है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के मुताबिक, वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण मौसम में बदलाव हुआ है। दिल्ली, यूपी समेत कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश और कुछ जगहों पर ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है।
हालांकि, आईएमडी ने कहा कि अभी आने वाले दिनों में यह बदलाव देखने को मिल सकता है। इस दौरान तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी। अधिकतम तापमान 18 से 20 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जबकि शनिवार को यह और गिरकर 16 से 18 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। हवाओं की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा रहने का अनुमान है। ऐसे में दो दिनों की हल्की गर्मी के बाद वीकेंड और 26 जनवरी के आसपास कड़ाके की ठंड महसूस की जा सकती है।




